बिल गेट्स के ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने को लेकर ‘असमंजस’

बिल गेट्स के ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने को लेकर ‘असमंजस’

बिल गेट्स के ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने को लेकर ‘असमंजस’
Modified Date: February 17, 2026 / 04:01 pm IST
Published Date: February 17, 2026 4:01 pm IST

(फाइल फोटो के साथ)

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (भाषा) माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स के ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ में शामिल होने को लेकर मंगलवार को उस समय असमंजस की स्थिति पैदा हो गई, जब सरकारी सूत्रों ने उनके सम्मेलन में शामिल नहीं होने की जानकारी दी। हालांकि, गेट्स फाउंडेशन का कहना है कि वह इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

राष्ट्रीय राजधानी में ‘इंडिया इम्पैक्ट समिट’ का 16 से 20 फरवरी तक आयोजन किया जा रहा है। ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ की आधिकारिक वेबसाइट पर वक्ताओं की सूची में गेट्स का नाम पहले शामिल था। इस सूची में प्रौद्योगिकी व उद्योग जगत के दिग्गज, नीति-निर्माता, संस्थापक एवं प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ के नाम शामिल हैं। हालांकि, मंगलवार को सम्मेलन की वेबसाइट पर गेट्स का नाम नजर नहीं आया।

सरकारी सूत्रों ने बताया कि गेट्स एआई सम्मेलन में भाग नहीं लेंगे।

गेट्स फाउंडेशन को इस संबंध में ‘पीटीआई-भाषा’ द्वारा भेजे ई-मेल के जवाब में उसके प्रवक्ता ने कहा,‘‘बिल गेट्स एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेंगे। वह सम्मेलन को उनके लिए निर्धारित समय पर संबोधित करेंगे।’’

वक्ताओं की सूची के अनुसार, बिल गेट्स को 19 फरवरी को पूर्वाह्न 11 बजकर 50 मिनट पर एआई इम्पैक्ट समिट को संबोधित करना था। हालांकि, अब उनका नाम सूची में नहीं है।

सूत्रों का कहना है कि यह फैसला अरबपति कारोबारी और यौन अपराधी जेफ्री एप्स्टीन से जुड़े नए दस्तावेजों में गेट्स का नाम सामने आने से संबंधित है। हालांकि, एप्सटीन के किसी भी पीड़ित ने गेट्स पर कोई गलत काम करने का आरोप नहीं लगाया है, लेकिन अमेरिका के न्याय मंत्रालय द्वारा जारी दस्तावेजों में एप्सटीन का यह दावा शामिल है कि बिल गेट्स को एक यौन संचारित बीमारी हुई थी।

गेट्स के प्रवक्ता ने इस दावे को ‘‘पूरी तरह बेतुका’’ बताया है।

अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी एनवीडिया ने पिछले सप्ताह के अंत में कहा था कि उसके मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जेनसन हुआंग भारत में एआई सम्मेलन में शामिल नहीं होंगे। हुआंग सम्मेलन के बड़े आकर्षण में से एक माने जा रहे थे।

कंपनी ने हालांकि इसके पीछे की वजह नहीं बताई लेकिन कुछ लोगों ने इस फैसले को सम्मेलन में गेट्स की मौजूदगी से जोड़कर देखा था।

गेट्स सोमवार को भारत पहुंचे थे। अपनी यात्रा के दौरान उनका पहला पड़ाव विजयवाड़ा था, जहां उन्होंने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री के पवन कल्याण और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।

विजयवाड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर नारा लोकेश सहित राज्य के वरिष्ठ मंत्रियों ने सोमवार को गेट्स का स्वागत किया था।

भाषा

निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में