हैदराबाद, 22 अगस्त (भाषा) तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय की टीम ने हैदराबाद में शिक्षा, शोध तथा उद्यमिता के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर शनिवार को सहमति जताई है।
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बयान में कहा कि ब्रिटेन की यात्रा पर गए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के अकादमिक दल के साथ बैठक की। इस बैठक से सकारात्मक परिणाम निकले।
बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) एवं उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मिलकर हैदराबाद में वैश्विक संस्थानों के लिए उपलब्ध अवसरों को प्रस्तुत किया तथा कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय को ‘‘एक प्रमुख वैश्विक ज्ञान केंद्र के निर्माण’’ में भागीदार बनने का आमंत्रण दिया।
बयान के अनुसार, कैम्ब्रिज जज बिजनेस स्कूल में भारत सरकार प्रायोजित मार्केटिंग प्रमुख प्रोफेसर जयदीप प्रभु और सीजेबीएस तथा फ्रूगल एआई के सह-प्रमुख प्रोफेसर वेंकट सेरिश गांदिकोटा ने तेलंगाना के साथ साझेदारी में रुचि दिखाई।
सीएमओ ने बताया कि दोनों पक्षों ने हैदराबाद में शिक्षा कार्यक्रमों, शोध और उद्यमिता के लिए नए उद्यमों को बढ़ावा देने से जुड़े सहयोग का ढांचा तैयार करने पर सहमति जताई।
इससे पहले सिटी डेवलपमेंट कॉरपोरेट निदेशक सुसान फिनेगन और नुआला गैलाघर के साथ लिवरपूल फुटबॉल क्लब के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से लंदन में मुलाकात की।
भाषा यासिर पाण्डेय
पाण्डेय