केंद्र ने आंध्र प्रदेश में 2025-26 सत्र के लिए अतिरिक्त तंबाकू बिक्री को दी मंजूरी
केंद्र ने आंध्र प्रदेश में 2025-26 सत्र के लिए अतिरिक्त तंबाकू बिक्री को दी मंजूरी
नयी दिल्ली, 25 सितंबर (भाषा) वाणिज्य मंत्रालय की एक अधिसूचना के अनुसार केंद्र सरकार ने 2025-26 के फसल सत्र के लिए आंध्र प्रदेश में पंजीकृत और गैर-पंजीकृत उत्पादकों के अतिरिक्त ‘फ्लू-क्योर्ड वर्जीनिया तंबाकू’ को तंबाकू बोर्ड द्वारा अधिकृत नीलामी मंचों पर बेचने की अनुमति दी है।
फ्लू-क्योर्ड ऐसा तंबाकू होता है, जिसे धातु के पाइपों (फ्लू) के जरिए पहुंचाई गई गर्मी का उपयोग करके विशेष, धुआं-मुक्त भट्टियों में सुखाया जाता है।
अतिरिक्त सचिव नितिन कुमार यादव के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग के एक दल ने जुलाई में इस तंबाकू के मौजूदा बाजार हालातों की समीक्षा के लिए आंध्र प्रदेश का दौरा किया था।
बीते 24 सितंबर को जारी इस अधिसूचना के अनुसार, केंद्र ने आंध्र प्रदेश में ”फसल सत्र 2025-2026 के दौरान नीलामी के लिए तंबाकू बोर्ड अधिनियम के एक प्रावधान के क्रियान्वयन में ढील दी है। इसके तहत पंजीकृत उत्पादकों के अतिरिक्त फ्लू-क्योर्ड वर्जीनिया तंबाकू तथा गैर-पंजीकृत उत्पादकों के अनाधिकृत फ्लू-क्योर्ड वर्जीनिया तंबाकू को तंबाकू बोर्ड द्वारा अधिकृत नीलामी मंचों पर बेचने की अनुमति दी गई है।”
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


