मुख्यमंत्री ने लखनऊ में 12,000 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजनाओं की आधारशिला रखी

मुख्यमंत्री ने लखनऊ में 12,000 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजनाओं की आधारशिला रखी

मुख्यमंत्री ने लखनऊ में 12,000 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजनाओं की आधारशिला रखी
Modified Date: September 24, 2026 / 07:29 pm IST
Published Date: September 24, 2026 7:29 pm IST

लखनऊ, 24 सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजनाओं की आधारशिला रखी और भूखंड पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की।

करीब 10,680 एकड़ में विकसित होने वाली इन योजनाओं पर लगभग 12,000 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री ने पांच प्रस्तावित बहुमंजिला अपार्टमेंट परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी जिनकी अनुमानित लागत 2,166 करोड़ रुपये है।

आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि योजनाबद्ध विकास ही लखनऊ के विस्तार का आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि बिना योजना के बसावट होने पर बिजली, पानी, सीवर और जलभराव जैसी समस्याएं सामने आती हैं, जबकि नई योजनाओं में बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था शुरुआत से ही की जा रही है।

उन्होंने बताया कि 6,500 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित होने वाली वरुण विहार योजना से छह लाख से अधिक लोगों को आवासीय सुविधा मिलने की उम्मीद है, वहीं करीब 4,100 एकड़ में विकसित होने वाली नैमिष नगर योजना से चार लाख से अधिक लोगों को लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नैमिष नगर परियोजना नैमिषारण्य की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से भी जुड़ी है। उन्होंने कहा कि लखनऊ अब शिक्षा, स्वास्थ्य, आधुनिक तकनीक और विनिर्माण का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

आदित्यनाथ ने टाटा के वाहन संयंत्र और अशोक लेलैंड की इलेक्ट्रिक वाहन इकाई का उल्लेख करते हुए शहर के बढ़ते औद्योगिक आधार को रेखांकित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हवाई अड्डे और मेट्रो के विस्तार, किसान पथ, ग्रीन कॉरिडोर तथा बेहतर सड़क संपर्क से लखनऊ की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है और सरकार लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, सीतापुर, बाराबंकी और रायबरेली को जोड़कर ‘राज्य राजधानी क्षेत्र’ विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि नई योजनाओं में आवासीय भूखंड के साथ अपार्टमेंट, किफायती आवास और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान भी उपलब्ध कराए जाएंगे जिससे युवाओं, विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों और लखनऊ में स्थायी रूप से बसने की इच्छा रखने वाले लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

भूमि अधिग्रहण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों को उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया और कहा कि एलडीए तथा किसानों के बीच कोई बिचौलिया नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि वरुण विहार परियोजना के जरिये पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से संपर्क बेहतर होगा जबकि लखनऊ-नैमिषारण्य के बीच चार लेन सड़क संपर्क को भी मजबूत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य केवल आवास उपलब्ध कराना नहीं बल्कि लखनऊ के सुनियोजित और सुविधायुक्त विस्तार को गति देना है।

भाषा सलीम

राजकुमार अजय

अजय


लेखक के बारे में