पीबी फिनटेक के सह-संस्थापकों ने 665 करोड़ रुपये में करीब एक प्रतिशत हिस्सेदारी बेची
पीबी फिनटेक के सह-संस्थापकों ने 665 करोड़ रुपये में करीब एक प्रतिशत हिस्सेदारी बेची
नयी दिल्ली, 30 मई (भाषा) डिजिटल बीमा मंच ‘पॉलिसीबाजार’ का स्वामित्व रखने वाली कंपनी ‘पीबी फिनटेक’ के दो सह-संस्थापकों ने बाजार में कंपनी के करीब एक प्रतिशत हिस्सेदारी बेची है।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, यह सौदा करीब 665 करोड़ रुपये में हुआ है।
आंकड़ों के अनुसार, वैश्विक वित्तीय संस्थानों गोल्डमैन सैक्स, सोसाइटी जेनरल और मॉर्गन स्टेनली सहित कई विदेशी एवं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने इस हिस्सेदारी की खरीद की।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर शुक्रवार को हुए थोक सौदे के तहत निवेशकों ने पीबी फिनटेक के 38 लाख शेयर खरीदे, जो कंपनी की 0.82 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर हैं। यह सौदा औसतन 1,751 रुपये प्रति शेयर के भाव पर हुआ।
इस प्रकार कुल सौदे का मूल्य 665.38 करोड़ रुपये रहा।
कंपनी के सह-संस्थापक यशीष दहिया और आलोक बंसल ने समान संख्या में शेयर बेचे। इस लेनदेन के बाद वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी में उनकी संयुक्त हिस्सेदारी 5.02 प्रतिशत से घटकर 4.2 प्रतिशत रह गई।
इस सौदे में शामिल होने वाले अन्य विदेशी निवेशकों में घिसालो कैपिटल मैनेजमेंट, मेट्जलर एसेट मैनेजमेंट, मैथ्यूज इंटरनेशनल कैपिटल मैनेजमेंट, वासाच ग्लोबल इन्वेस्टर्स, बीएनपी परिबा और हांगकांग स्थित विरिडियन एसेट मैनेजमेंट हैं।
घरेलू संस्थागत निवेशकों में टाटा म्यूचुअल फंड, कोटक सिक्योरिटीज और नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) ट्रस्ट ने हिस्सेदारी खरीदी।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


