कोलगेट-पामोलिव इंडिया का शुद्ध लाभ दूसरी तिमाही में 17 प्रतिशत घटकर 327.5 करोड़ रुपये पर

कोलगेट-पामोलिव इंडिया का शुद्ध लाभ दूसरी तिमाही में 17 प्रतिशत घटकर 327.5 करोड़ रुपये पर

कोलगेट-पामोलिव इंडिया का शुद्ध लाभ दूसरी तिमाही में 17 प्रतिशत घटकर 327.5 करोड़ रुपये पर
Modified Date: October 23, 2025 / 05:17 pm IST
Published Date: October 23, 2025 5:17 pm IST

नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर (भाषा) रोजमर्रा की जरूरत वाले सामान बनाने वाली प्रमुख कंपनी कोलगेट-पामोलिव इंडिया लिमिटेड (सीपीआईएल) का चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में शुद्ध लाभ 17 प्रतिशत घटकर 327.51 करोड़ रुपये रह गया।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को जुलाई-सितंबर, 2025 तिमाही के इस वित्तीय नतीजे की सूचना दी। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में उसने 395.05 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

वित्त वर्ष 2025-26 की सितंबर तिमाही में कोलगेट-पामोलिव इंडिया की बिक्री 6.33 प्रतिशत घटकर 1,507.24 करोड़ रुपये रह गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,609.21 करोड़ रुपये थी।

कंपनी की प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) प्रभा नरसिम्हन ने कहा, ‘हालांकि हम परिचालन के लिहाज से लगातार मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन दूसरी तिमाही का हमारा प्रदर्शन जीएसटी दरों में कटौती के कारण वितरकों और खुदरा विक्रेताओं के बीच उत्पन्न अस्थायी व्यवधान को भी दर्शाता है।’

चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी का कुल व्यय 6.21 प्रतिशत घटकर 1,049.72 करोड़ रुपये रह गया।

आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल आय 1,534.53 करोड़ रुपये रही जो पिछले साल की समान तिमाही से 9.47 प्रतिशत कम है।

इस बीच, सीपीआईएल ने कहा कि उसके निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 24 रुपये का पहला अंतरिम लाभांश देने की घोषणा की।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में