नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल अगले महीने कैमरून में बहुपक्षीय निकाय की मंत्रिस्तरीय बैठक से पहले इस सप्ताह जिनेवा में विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की प्रमुख नगोजी ओकोंजो-इवेला से मुलाकात करेंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अग्रवाल दूसरे देशों के राजदूतों से भी मुलाकात करेंगे।
वाणिज्य सचिव बनने के बाद जिनेवा में सचिव की अपनी टीम और डब्ल्यूटीओ प्रमुख के साथ विभिन्न मुद्दों पर यह पहली आधिकारिक बातचीत होगी।
डब्ल्यूटीओ महानिदेशक के साथ बैठक महत्वपूर्ण है क्योंकि 14वां मंत्रिस्तरीय सम्मेलन इस वर्ष 26-29 मार्च तक कैमरून के याउंडे में होना निर्धारित है। यह सम्मेलन 166 सदस्यीय निकाय का सर्वोच्च निर्णय लेने वाला निकाय है।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सचिव 12 और 13 फरवरी को जिनेवा में रहेंगे। वह डब्ल्यूटीओ के मुद्दों पर अपनी टीम के साथ जायजा लेंगे।’’
भाषा योगेश अजय
अजय