नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) कोका-कोला इंडिया के घरेलू आम-आधारित पेय ब्रांड ‘माजा’ ने ‘राष्ट्रीय आम दिवस’ पर आम के किसानों को सम्मानित करके अपनी 50वीं सालगिरह मनाई। इन किसानों ने ब्रांड की यात्रा में अहम योगदान दिया है।
इस खास मौके पर ‘नेशनल मैंगो डे’ या ‘राष्ट्रीय आम दिवस’ पर डाक विभाग ने एक ‘‘विशेष कवर’’ जारी किया। इसे केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान और दिल्ली सर्किल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल अखिलेश कुमार पांडेय ने संयुक्त रूप से जारी किया।
इस कार्यक्रम में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए किसानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान कोका-कोला इंडिया के नेतृत्व, बॉटलिंग करने वाले साझेदार, अमल में लाने वाले साझेदार, ‘सेंटर फॉर डेवलपमेंट एंड कम्युनिकेशन ट्रस्ट’ (सीईएनडीईसीटी) और आम आपूर्तिकर्ता ‘फूड्स एंड इन्स लिमिटेड’ के प्रतिनिधि मौजूद थे।
माजा वर्ष 2024 में कोका-कोला कंपनी का अरब डॉलर का ब्रांड बन गया। यह वैश्विक पेय कंपनी के पोर्टफोलियो का 30वां अरब-डॉलर का ब्रांड था।
माजा वर्ष 1993 में कोका-कोला का हिस्सा बना, जब अटलांटा स्थित कंपनी ने भारतीय बाज़ार में दोबारा प्रवेश करते हुए पारले बिस्लरी के रमेश चौहान का फिज कार्बोनेटेड ड्रिंक कारोबार खरीदा था।
कोका-कोला ने तब चौहान बंधुओं से एरेटेड ड्रिंक्स (कार्बोनेटेड ड्रिंक्स) का पूरा पोर्टफोलियो खरीदा था, जिसमें थम्स अप, गोल्ड स्पाट और लिम्का भी शामिल थे। माजा को वर्ष 1976 में भारत में शुरु किया गया था और यह मुख्य रूप से स्थानीय स्तर पर बेचा जाता है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय