जेवर हवाई अड्डा का वाणिज्यिक परिचालन अगले महीने से, इंडिगो की उड़ान से होगी शुरुआत

जेवर हवाई अड्डा का वाणिज्यिक परिचालन अगले महीने से, इंडिगो की उड़ान से होगी शुरुआत

जेवर हवाई अड्डा का वाणिज्यिक परिचालन अगले महीने से, इंडिगो की उड़ान से होगी शुरुआत
Modified Date: May 7, 2026 / 08:13 pm IST
Published Date: May 7, 2026 8:13 pm IST

नोएडा, सात मई (भाषा) इंडिगो ने 15 जून से जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से वाणिज्यिक उड़ानें शुरू करने की घोषणा की है। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में स्थित इस हवाई अड्डे से वाणिज्यिक परिचालन शुरू हो जाएगा। इंडिगो इस हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली पहली एयरलाइन होगी।

इंडिगो ने बृहस्पतिवार को एक बयान में कहा कि पहले दिन की उड़ानें लखनऊ और बेंगलुरु के बीच होंगी।

नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 28 मार्च को किया था।

इंडिगो ने कहा कि वह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में स्थित इस तीसरे हवाई अड्डे से वाणिज्यिक सेवाएं शुरू करने वाली पहली एयरलाइन होगी।

एयरलाइन के अनुसार, 15 जून को शुरू होने वाली उड़ानें लखनऊ-नोएडा-बेंगलुरु-नोएडा-लखनऊ मार्ग पर संचालित होंगी।

घोषित कार्यक्रम के अनुसार, उड़ान 6ई 2278 लखनऊ से सुबह 7:05 बजे प्रस्थान करेगी और नोएडा में सुबह 8:05 बजे पहुंचेगी। वह सुबह 8:35 बजे बेंगलुरु के लिए रवाना होगी और वहां सुबह 11:05 बजे उतरेगी।

वापसी की उड़ान (6ई 2279) बेंगलुरु से दोपहर 3.45 बजे रवाना होगी और शाम 6.20 बजे नोएडा पहुंचेगी। इसके बाद यह उड़ान शाम 6.55 बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी और वहां रात आठ बजे पहुंचेगी।

इंडिगो ने कहा कि वह धीरे-धीरे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को देश भर के 16 से अधिक गंतव्यों से जोड़ने वाली सीधी उड़ानें शुरू करेगी, जिनमें बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे महानगरों के अलावा अमृतसर, चंडीगढ़, धर्मशाला, जयपुर, लखनऊ, नवी मुंबई, पंतनगर और श्रीनगर जैसे दूसरे और तीसरी श्रेणी के शहर शामिल हैं।

एयरलाइन ने बताया कि इन उड़ानों के लिए बुकिंग वेबसाइट, मोबाइल एप्लिकेशन और अधिकृत ट्रैवल भागीदारों के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से शुरू की जा रही है।

इंडिगो के मुख्य रणनीति अधिकारी आलोक सिंह ने कहा कि एयरलाइन नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से परिचालन शुरू करने की घोषणा करते हुए काफी खुश है।

सिंह ने कहा, ‘‘यमुना एक्सप्रेसवे पर रणनीतिक रूप से स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, एनसीआर के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए नया प्रवेश द्वार होगा। जैसे-जैसे हम अपने परिचालन का विस्तार करते रहेंगे, किफायती, समय पर और परेशानी मुक्त यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।’’

इंडिगो ने कहा कि इस हवाई अड्डे के एक प्रमुख घरेलू विमानन केंद्र के रूप में उभरने की उम्मीद है और यह एकीकृत सड़क और रेल अवसंरचना के माध्यम से दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बीच संपर्क को मजबूत करेगा।

भाषा अजय अजय रमण

रमण


लेखक के बारे में