कमजोर अर्थव्यवस्था वाले देशों को गंभीरता से नहीं लिया जाता : राजीव कुमार
कमजोर अर्थव्यवस्था वाले देशों को गंभीरता से नहीं लिया जाता : राजीव कुमार
गांधीनगर, चार फरवरी (भाषा) अर्थशास्त्री और नीति आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष राजीव कुमार ने बुधवार को कहा कि एक मजबूत अर्थव्यवस्था एक सशक्त विदेश नीति की नींव होती है और भारत को विश्व मंच पर सम्मान हासिल करने के लिए तेजी से विकसित होना होगा और वैश्विक व्यापार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ानी होगी।
उन्होंने कहा कि आर्थिक शक्ति ही वैश्विक राजनीति में किसी देश की स्थिति निर्धारित करती है।
कुमार ने यह बात गांधीनगर में राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (आरआरयू) में एक कार्यक्रम के दौरान कही।
उन्होंने कहा, ‘‘अर्थव्यवस्था ही भू-राजनीति की नींव है। हमारे विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने सही कहा है कि भारत के लिए सबसे अच्छी विदेश नीति अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। अगर आप अपनी अर्थव्यवस्था को विकसित नहीं करेंगे, तो आपके पास किसी से बात करने की ताकत नहीं होगी।’’
कुमार ने कहा, ‘‘आज चीन 53 अग्रणी प्रौद्योगिकियों में से 47 में आगे है। अब अमेरिकी नहीं, चीन आगे हैं। यही चीन को अमेरिका के सामने खड़ा होने की ताकत देता है।’’
उन्होंने कहा कि जिन देशों की अर्थव्यवस्था कमजोर होती है, उन्हें वैश्विक मंच पर गंभीरता से नहीं लिया जाता।
कुमार ने कहा कि अगर भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रभाव चाहिए, तो उसे वैश्विक अर्थव्यवस्था में अपनी हिस्सेदारी बढ़ानी होगी।
भाषा
योगेश अजय
अजय

Facebook


