इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रमुख कलपुर्जों पर सीमा शुल्क छूट से मूल्य शृंखला मजबूत होगी: आईटी सचिव

इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रमुख कलपुर्जों पर सीमा शुल्क छूट से मूल्य शृंखला मजबूत होगी: आईटी सचिव

इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रमुख कलपुर्जों पर सीमा शुल्क छूट से मूल्य शृंखला मजबूत होगी: आईटी सचिव
Modified Date: July 9, 2026 / 12:47 pm IST
Published Date: July 9, 2026 12:47 pm IST

नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी सचिव एस. कृष्णन ने बृहस्पतिवार को कहा कि इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण में इस्तेमाल होने वाले प्रमुख कलपुर्जों पर बुनियादी सीमा शुल्क (बीसीडी) समाप्त करने का सरकार का फैसला मूल्य शृंखला एवं उसके परिवेश को और मजबूत बनाने में मदद करेगा।

कृष्णन ने इसे ‘‘महत्वपूर्ण बदलाव’’ करार देते हुए कहा कि इससे देश में इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा उद्योग को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने ‘सीआईआई जीसीसी बिजनेस समिट’ से इतर कहा, ‘‘उद्योग की ओर से किए गए अनुरोधों के आधार पर हमने यह मामला वित्त मंत्रालय के समक्ष उठाया था। हमें खुशी है कि इस संबंध में अधिसूचनाएं जारी कर हो चुकी हैं। इससे इलेक्ट्रॉनिक्स उद्योग, विशेष रूप से देश के इलेक्ट्रॉनिक्स कलपुर्जा उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।’’

सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डिस्प्ले असेंबली, लिथियम-आयन सेल और इंडक्टर कॉयल मॉड्यूल के विनिर्माण में इस्तेमाल होने वाले सामान पर बुनियादी सीमा शुल्क समाप्त कर दिया है।

वित्त मंत्रालय ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले इन तीन प्रमुख कलपुर्जों के विनिर्माण में उपयोग होने वाले सामान पर बुनियादी सीमा शुल्क (बीसीडी) में छूट लागू करने के लिए तीन अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की हैं।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में