दिल्ली ने ‘भारत टैक्सी’ के साथ साझेदारी का समझौता किया

दिल्ली ने 'भारत टैक्सी' के साथ साझेदारी का समझौता किया

दिल्ली ने ‘भारत टैक्सी’ के साथ साझेदारी का समझौता किया
Modified Date: February 6, 2026 / 10:30 pm IST
Published Date: February 6, 2026 10:30 pm IST

नयी दिल्ली, छह फरवरी (भाषा) दिल्ली देश की सहकारी-संचालित ऑनलाइन कैब सेवा ‘भारत टैक्सी’ के साथ साझेदारी कर उसकी सेवाएं शुरू करने के लिए समझौते पर हस्ताक्षर करने वाला पहला राज्य बन गया है।

दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) और भारत टैक्सी की संचालक संस्था सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड (एसटीसीएल) के बीच शुक्रवार को समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों के लिए सुरक्षित, भरोसेमंद और पारदर्शी टैक्सी सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ टैक्सी चालकों की आमदनी, सम्मान और कल्याण को सुदृढ़ करना भी है।

समझौते के तहत, डीटीटीडीसी पर्यटन और ब्रांडिंग साझेदार के रूप में काम करेगा और चालकों को प्रशिक्षण देकर उन्हें पर्यटकों के पहले संपर्क बिंदु के रूप में तैयार करेगा।

समझौते के तहत पर्यटकों के लिए विशेष टैक्सी यात्रा पैकेज भी शुरू किए जाएंगे, जिनमें दो घंटे, चार घंटे और पूरे दिन के सैर-सपाटे शामिल होंगे, जो दिल्ली और उसके आस-पास के प्रमुख आकर्षण स्थलों को कवर करेंगे।

केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत की थी। यह देश में सहकारी संस्था की तरफ से संचालित पहली टैक्सी सेवा है।

भाषा योगेश प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में