डेल्हीवरी एक लाख अस्थायी कामगारों को देगी 15 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा
डेल्हीवरी एक लाख अस्थायी कामगारों को देगी 15 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा
मुंबई, 22 जून (भाषा) लॉजिस्टिक सेवा प्रदाता डेल्हीवरी ने सोमवार को अपने एक लाख अस्थायी कर्मचारियों (गिग वर्कर) के लिए 15 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा, परिवार के लिए स्वास्थ्य कवर और बच्चों के लिए छात्रवृत्ति जैसी सुविधाएं देने की घोषणा की।
कंपनी ने एक बयान में व्यापक कल्याण कार्यक्रम ‘अभयम’ शुरू करने की घोषणा करते हुए कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था का अहम हिस्सा गिग वर्कर वित्तीय रूप से सबसे अधिक जोखिम में रहते हैं और एक बार अस्पताल में भर्ती होने से उनकी महीनों की कमाई खत्म हो सकती है।
डेल्हीवरी ने कहा कि ‘अभयम’ कार्यक्रम इन जोखिमों को कम करने के लिए व्यापक सहायता ढांचा प्रदान करता है। कार्यक्रम में दुर्घटना बीमा के अलावा स्वास्थ्य बीमा और आमदनी में नुकसान से सुरक्षा शामिल है, ताकि सड़क पर किसी अप्रत्याशित घटना से आर्थिक संकट न पैदा हो।
इस कार्यक्रम के दायरे में अस्थायी कामगारों के अलावा उनके परिवारों को भी लाभ मिलेगा। इसमें बच्चों के लिए छात्रवृत्ति, जीवनसाथी के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण और औपचारिक ऋण तक पहुंच जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
कंपनी पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर भी देगी, जो कर्मचारी के जीवनसाथी और अधिकतम दो बच्चों तक विस्तारित होगा।
डेल्हीवरी के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य मानव संसाधन अधिकारी सूरज सहारन ने कहा, “अभयम हमारे कर्मियों के लिए सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास है। हमारी राय में यह देश में अपनी तरह का सर्वश्रेष्ठ कार्यक्रम है। यह सुनिश्चित करता है कि हमारे कर्मचारी सर्वोत्तम सेवा दें और उनके स्वास्थ्य एवं परिवार का भी ध्यान रखा जाए।”
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


