अक्षय तृतीया पर भौतिक सोने के साथ डिजिटल सोने की बढ़ेगी मांग: विश्लेषक
अक्षय तृतीया पर भौतिक सोने के साथ डिजिटल सोने की बढ़ेगी मांग: विश्लेषक
नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) विश्लेषकों का कहना है कि रविवार को मनाई जाने वाली अक्षय तृतीया के अवसर पर भौतिक सोने की खरीद के साथ-साथ लचीले और पारदर्शी सोने में निवेश के विकल्प भी लोकप्रिय बने रह सकते हैं, क्योंकि निवेशकों का रुझान अब सोने के आधुनिक विकल्पों की ओर स्पष्ट रूप से बढ़ रहा है।
अक्षय तृतीया को पारंपरिक रूप से सोना खरीदने का शुभ अवसर माना जाता है, लेकिन विश्लेषकों के अनुसार निवेशकों की भागीदारी धीरे-धीरे बदल रही है और वे पारंपरिक भौतिक खरीद के साथ-साथ वित्तीय निवेश विकल्पों में भी बढ़ती रुचि दिखा रहे हैं।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज के कमोडिटी विश्लेषक मानव मोदी ने कहा, “हम सोने में निवेश करने के तरीके में धीरे-धीरे बदलाव देख रहे हैं। अक्षय तृतीया जैसे अवसरों पर भौतिक खरीद अभी भी महत्वपूर्ण है, लेकिन लचीले और पारदर्शी निवेश विकल्पों में रुचि लगातार बढ़ रही है।”
ब्रोकरेज की रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2026 में सर्राफा बाजार भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक आर्थिक मंदी और मौद्रिक नीति अपेक्षाओं में बदलाव के कारण उतार-चढ़ाव भरा रहा है।
इसके बावजूद सोने और चांदी में सालाना आधार पर क्रमशः लगभग 10 प्रतिशत और पांच प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई है, जो सुरक्षित निवेश की मांग को दर्शाती है।
घरेलू बाजार में ऊंची कीमतों के कारण आभूषणों की मांग सीमित और मूल्य-संवेदनशील बनी हुई है, जिससे घरेलू कीमतों पर छूट का दबाव देखा जा रहा है।
मोतीलाल ओसवाल फाइनेंशियल सर्विसेज की कमोडिटी रिसर्च प्रमुख नवनीत दमानी ने कहा, “सोना वर्तमान में एक जटिल वैश्विक माहौल से गुजर रहा है।”
उन्होंने कहा कि ब्याज दरों की अपेक्षाओं और डॉलर की मजबूती के कारण कभी-कभी दबाव देखने को मिलता है, लेकिन अनिश्चितता, मुद्रास्फीति की चिंता और दीर्घकालिक निवेश मांग इसके व्यापक दृष्टिकोण को समर्थन दे रही है।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


