कूटनीतिक विवाद का कनाडा को निर्यात पर नहीं पड़ेगा खास असरः ईईपीसी

कूटनीतिक विवाद का कनाडा को निर्यात पर नहीं पड़ेगा खास असरः ईईपीसी

कूटनीतिक विवाद का कनाडा को निर्यात पर नहीं पड़ेगा खास असरः ईईपीसी
Modified Date: September 22, 2023 / 07:25 pm IST
Published Date: September 22, 2023 7:25 pm IST

कोलकाता, 22 सितंबर (भाषा) इंजीनियरिंग क्षेत्र के शीर्ष निकाय ईईपीसी का कहना है कि भारत और कनाडा के बीच जारी कूटनीतिक विवाद से देश के निर्यात पर कुछ खास असर नहीं पड़ेगा।

भारत से कनाडा को निर्यात वित्त वर्ष 2022-23 में 4.1 अरब डॉलर रहा था।

भारत से निर्यात की जाने वाली वस्तुओं में दवाएं, रत्न एवं आभूषण, कपड़ा और मशीनरी शामिल हैं जबकि 4.06 अरब डॉलर मूल्य के आयात में दालें, लकड़ी, कागज और खनन उत्पाद शामिल हैं।

भारतीय इंजीनियरिंग निर्यात संवर्द्धन परिषद (ईईपीसी इंडिया) के चेयरमैन अरुण कुमार गरोडिया ने पीटीआई-भाषा से कहा, “अपने दीर्घकालिक संबंधों को देखते हुए हम नहीं मानते कि कनाडा के साथ गतिरोध का हमारे निर्यात एवं व्यापार पर कोई खास असर पड़ेगा। उम्मीद है कि मौजूदा गतिरोध अस्थायी होगा और इसका समाधान निकल आएगा।”

उन्होंने उम्मीद जताई कि इस विवाद का जल्द निपटारा होगा और कनाडा को भारत का निर्यात बढ़ता रहेगा।

गरोडिया ने कहा, “जहां तक व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों का सवाल है तो भारत और कनाडा काफी समय से अच्छे साझेदार रहे हैं। दोनों देशों के बीच मौजूदा गतिरोध अस्थायी लगता है और मुझे यकीन है कि इसे कूटनीतिक तरीके से सुलझा लिया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर वार्ता फिलहाल रुक गई है लेकिन गतिरोध खत्म होते ही यह बहाल हो जाएगी।

भाषा अनुराग प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में