ईरान युद्ध के कारण अनिश्चितता के बीच ईसीबी ने ब्याज दरें यथावत रखीं
ईरान युद्ध के कारण अनिश्चितता के बीच ईसीबी ने ब्याज दरें यथावत रखीं
फ्रैंकफर्ट (जर्मनी), 19 मार्च (एपी) यूरोपीय केंद्रीय बैंक (ईसीबी) ने बृहस्पतिवार को अपनी प्रमुख ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया। बैंक ने चेतावनी दी है कि ईरान युद्ध के कारण ऊर्जा की कीमतों में वृद्धि होगी, जिससे अल्पकालिक मुद्रास्फीति बढ़ सकती है। हालांकि, बैंक ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता कीमतों और अर्थव्यवस्था पर इसके दीर्घकालिक प्रभाव अभी अनिश्चित हैं।
बैंक की दर निर्धारण समिति ने अपनी बेंचमार्क जमा दर को दो प्रतिशत पर बरकरार रखा है। यह दर जून, 2025 से इसी स्तर पर बनी हुई है।
ईसीबी ने अपने बयान में कहा कि युद्ध ने भविष्य के परिदृश्य को ‘काफी अनिश्चित’ बना दिया है। बैंक के अनुसार, इससे मुद्रास्फीति बढ़ने और आर्थिक वृद्धि दर घटने का जोखिम पैदा हो गया है। फैसले के बाद जारी बयान में कहा गया कि मुद्रास्फीति की दीर्घकालिक उम्मीदें फिलहाल ‘स्थिर’ हैं और बैंक भविष्य की बैठकों में आने वाले आंकड़ों के आधार पर दरों में बदलाव का निर्णय लेगा।
ईरान युद्ध ने दुनिया भर के केंद्रीय बैंकों को दुविधा में डाल दिया है। ऊर्जा की ऊंची कीमतें अल्पकाल में महंगाई बढ़ा सकती हैं, लेकिन लंबे समय तक चलने वाला ऊर्जा संकट आर्थिक वृद्धि को बाधित कर सकता है। सामान्यतः केंद्रीय बैंक मुद्रास्फीति से लड़ने के लिए दरें बढ़ाते हैं और विकास को गति देने के लिए उन्हें कम करते हैं।
ईसीबी का यह कदम बैंक ऑफ इंग्लैंड के उसी दिन के फैसले के बाद आया है, जिसमें उसने अपनी मुख्य ब्याज दर को 3.75 प्रतिशत पर स्थिर रखा था।
एपी
सुमित अजय
अजय

Facebook


