एएसएमएल ने भारत में कामकाज शुरू किया
एएसएमएल ने भारत में कामकाज शुरू किया
नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) सेमीकंडक्टर उपकरण बनाने वाली कंपनी एएसएमएल ने भारत में अपना कामकाज शुरू कर दिया है और शुरुआती तौर पर अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए 20-30 युवा इंजीनियरिंग स्नातकों की भर्ती करने की योजना है। कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
सेमीकॉन इंडिया 2026 से इतर एएसएमएल के कार्यकारी उपाध्यक्ष एवं ग्राहक सहायता प्रमुख लिन कियाट याप ने पीटीआई-भाषा को बताया कि भारत में कंपनी के विस्तार की योजना टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स की चिप इकाई की सफलता और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत के विकास के लक्ष्य पर निर्भर करेगी।
यह पूछे जाने पर कि कंपनी भारत में अपना कामकाज कब शुरू करेगी और इसका विस्तार कब करेगी, याप ने कहा, ‘‘अभी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम संभवतः शुरुआत 20-30 लोगों से करेंगे। हम देखेंगे कि इसका कितनी तेजी से विस्तार होता है। यह वास्तव में भारत की महत्वाकांक्षाओं पर निर्भर करता है और यह टाटा की महत्वाकांक्षाओं पर भी निर्भर करता है।’’
एएसएमएल उन्नत लिथोग्राफी प्रौद्योगिकी उपलब्ध कराती है, जिसके जरिये सिलिकॉन वेफर पर सर्किट बनाए जाते हैं। सरल शब्दों में कहें तो यह सिलिकॉन वेफर को सक्रिय घटक में बदलने की प्रक्रिया की बुनियाद तैयार करती है।
कंपनी की उन्नत लिथोग्राफी प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में एकाधिकार है और दुनिया में कोई भी उन्नत चिप इसके उपकरणों के बिना नहीं बनाई जा सकती।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


