ईईएसएल ने बिहार में लगाये 10 लाख स्मार्ट मीटर

ईईएसएल ने बिहार में लगाये 10 लाख स्मार्ट मीटर

ईईएसएल ने बिहार में लगाये 10 लाख स्मार्ट मीटर
Modified Date: November 29, 2022 / 08:20 pm IST
Published Date: August 29, 2022 10:21 pm IST

नयी दिल्ली, 29 अगस्त (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (ईईएसएल) ने स्मार्ट मीटर के राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत बिहार में 10 लाख स्मार्ट मीटर लगाये हैं।

बिजली मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली एनटीपीसी, पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन, आरईसी लि. और पावरग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के संयुक्त उद्यम ईईएसएल ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी।

ईईएसएल ने पिछले साल बिहार में 23.5 लाख स्‍मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने के लिये साउथ बिहार पावर डिस्ट्रिब्‍यूशन कंपनी लिमिटेड (एसबीपीडीसीएल) तथा नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रिब्‍यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) के साथ समझौते पर हस्‍ताक्षर किये थे। कंपनी को फरवरी, 2023 तक इस परियोजना के पूरा होने की उम्‍मीद है।

बयान के अनुसार, स्मार्ट मीटर राज्‍य के ऊर्जा परिदृश्‍य में भारी बदलाव लाएगा। स्‍मार्ट प्रीपेड मीटर का मकसद उपभोक्‍ताओं की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ बिजली खपत को सुसंगत बनाना है।

ईईएसएल ने कहा कि 10 लाख स्‍मार्ट प्रीपेड मीटर को स्‍थापित करने के साथ ही बिहार तीन करोड़ रुपये से अधिक का दैनिक राजस्‍व संग्रह करने की स्थिति में आ चुका है। बिहार में अब तक स्‍मार्ट मीटरों के चलते कुल राजस्‍व का आंकड़ा 1,000 करोड़ रुपये पार कर चुका है।

ये प्रीपेड स्‍मार्ट मीटर बिजली बिल एवं राजस्व संग्रह दक्षता में सुधार कर वितरण कंपनियों का परिचालन बेहतर बनाएंगे। इससे परिचालन और रखरखाव लागत में कमी आएगी और सेवा गुणवत्‍ता में सुधार करने के साथ उपभोक्‍ताओं को भी बिजली खर्च को युक्तिसंगत बनाने का विकल्प उपलब्ध कराएंगे।

ईईएसएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अरुण कुमार मिश्रा ने कहा, ‘‘…मैं इस परियोजना से जुड़े सभी लोगों को बधाई देता हूं जिनके सहयोग के चलते राज्‍य में 10 लाख स्‍मार्ट प्रीपेड मीटरों को लगाने का लक्ष्‍य हासिल किया जा सका है।’’

भाषा

रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में