इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री अप्रैल में 75.14 प्रतिशत बढ़कर 23,506 इकाई: फाडा
इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों की बिक्री अप्रैल में 75.14 प्रतिशत बढ़कर 23,506 इकाई: फाडा
नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) देश में इलेक्ट्रिक यात्री वाहनों (पीवी) की बिक्री अप्रैल में 75.14 प्रतिशत बढ़कर 23,506 इकाई हो गई जबकि पिछले वर्ष इसी महीने यह 13,421 इकाई थी। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) ने बुधवार को यह जानकारी दी।
फाडा के आंकड़ों के अनुसार, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड अप्रैल में 8,543 इकाइयों के साथ शीर्ष पर रही जबकि महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड 5,413 इकाइयों के साथ दूसरे स्थान पर रही। इसके बाद 5,006 इकाई के साथ जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया का स्थान रहा।
फाडा ने कहा कि इलेक्ट्रिक दोपहिया खंड में पिछले महीने कुल बिक्री 60.73 प्रतिशत बढ़कर 1,48,740 इकाई रही जबकि पिछले वर्ष अप्रैल में यह 92,538 इकाई थी।
टीवीएस मोटर कंपनी इस खंड में 37,683 इकाइयों की बिक्री के साथ शीर्ष पर रही। बजाज ऑटो लिमिटेड 32,898 इकाइयों के साथ दूसरे स्थान पर और एथर एनर्जी 27,034 इकाइयों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
उद्योग निकाय फाडा ने कहा कि इलेक्ट्रिक तिपहिया वाहनों की बिक्री पिछले महीने 3.3 प्रतिशत बढ़कर 64,549 इकाई रही जबकि अप्रैल 2025 में यह 62,489 इकाई थी।
इलेक्ट्रिक वाणिज्यिक वाहनों की खुदरा बिक्री पिछले महीने बढ़कर 2,245 इकाई हो गई जो एक साल पहले इसी महीने में 902 इकाई थी।
भाषा निहारिका रमण
रमण

Facebook


