इलेवन ने वित्तीय सेवा कारोबार में 216 करोड़ रुपये का निवेश किया
इलेवन ने वित्तीय सेवा कारोबार में 216 करोड़ रुपये का निवेश किया
नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) वित्तीय सेवाओं, स्वास्थ्य सेवा और ऊर्जा क्षेत्रों में कारोबार करने वाले विविधीकृत समूह इलेवन ने अपनी गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) सहित वित्तीय सेवा कारोबार में 216 करोड़ रुपये का निवेश किया है।
कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि इस ताजा निवेश के साथ पिछले चार वर्षों में उसके वित्तीय सेवा कारोबार में कुल निवेश बढ़कर 470 करोड़ रुपये हो गया है। यह निवेश वित्तीय सेवा कारोबार के विस्तार की उसकी दीर्घकालिक रणनीति को दर्शाता है।
बयान के अनुसार, कंपनी की एनबीएफसी इकाई एसवीसीएल ने अब तक कुल 19 लाख से अधिक ग्राहकों को सेवाएं दी है और स्थापना के बाद से 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज वितरित कर चुकी है।
इस निवेश के साथ ही इलेवन ने इलेवन टेक नामक प्रौद्योगिकी-आधारित वित्तीय सेवा मंच शुरू करने की भी घोषणा की है। यह मंच बैंकों, एनबीएफसी और अन्य वित्तीय संस्थानों को ऋण वितरण, वसूली, कानूनी प्रक्रियाओं आदि के संचालन के लिए एकीकृत समाधान उपलब्ध कराएगा।
इस रणनीति के तहत मोनू रात्रा को इलेवन टेक का सह-संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त किया गया है।
इलेवन के संस्थापक एवं चेयरमैन सुनील सचदेवा ने कहा, ‘‘ हमारा 470 करोड़ रुपये का निवेश इस क्षेत्र में हमारे भरोसे और दीर्घकालिक निवेश क्षमता को दर्शाता है। इलेवन टेक और मोनू के नेतृत्व में हम एक मजबूत प्रौद्योगिकी-आधारित मंच तैयार कर रहे हैं, जो प्रौद्योगिकी एवं परिचालन क्षमता को एक साथ लाकर वित्तीय संस्थानों को अधिक दक्षता के साथ विस्तार करने में मदद करेगा।’’
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


