नयी दिल्ली, 28 अगस्त (भाषा) डेटा केंद्र अवसंरचना और सॉफ्टवेयर समाधान देने वाली कंपनी ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के पहले दिन शुक्रवार को 2.10 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, आईपीओ में की गई 1,23,52,942 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 2,59,77,972 शेयरों के लिए बोलियां मिलीं।
गैर-संस्थागत निवेशकों की श्रेणी को 3.51 गुना और खुदरा निवेशकों के हिस्से को 2.69 गुना अभिदान मिला। वहीं, पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) के खंड को एक प्रतिशत अभिदान ही मिला।
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन ने बृहस्पतिवार को एंकर निवेशकों से 216 करोड़ रुपये जुटाए थे।
निर्गम के लिए 408-429 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा रखा गया है। यह सार्वजनिक निर्गम एक सितंबर को बंद होगा।
कंपनी के शेयरों को चार सितंबर को बीएसई और एनएसई दोनों पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाष राजेश राजेश प्रेम
प्रेम