काम पर लौटने लगे ‘गिग’ कर्मी, ऑनलाइन मंचों के डिलिवरी के समय में आ रहा सुधार

काम पर लौटने लगे ‘गिग’ कर्मी, ऑनलाइन मंचों के डिलिवरी के समय में आ रहा सुधार

काम पर लौटने लगे ‘गिग’ कर्मी, ऑनलाइन मंचों के डिलिवरी के समय में आ रहा सुधार
Modified Date: May 10, 2026 / 02:36 pm IST
Published Date: May 10, 2026 2:36 pm IST

नयी दिल्ली, 10 मई (भाषा) हाल में हुए राज्य चुनावों और फसल कटाई के सत्र के बाद बड़ी संख्या में अस्थायी कर्मचारियों (गिग वर्कर) के शहरों में लौटने से ऑनलाइन खाने-पीने के सामान की डिलिवरी करने वाले मंचों के डिलिवरी के समय में सुधार देखने को मिल रहा है। स्विगी और मैजिकपिन जैसे मंचों का कहना है कि अगले कुछ सप्ताह में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

मैजिकपिन के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अंशु शर्मा ने पीटीआई-भाषा से कहा कि मतदान के लिए महानगरों से अपने गृह राज्यों में गए डिलिवरी राइडर अब वापस लौट रहे हैं, जिससे हमारे डिलिवरी कर्मियों की उपलब्धता बढ़ी है।

उन्होंने कहा, “इन राइडर की वापसी से डिलिवरी समय में सुधार हो रहा है। हालांकि, कुछ समय तक हल्का उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।”

शर्मा ने कहा कि पिछले कुछ महीनों के चुनौतीपूर्ण दौर के बाद फूड डिलिवरी क्षेत्र में सुधार की उम्मीद है और इसमें 20 प्रतिशत तक वृद्धि संभव है।

उन्होंने बताया कि छोटे कारोबारियों की मदद के लिए मैजिकपिन ने कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित सहायक ‘वेरा’ पेश किया है। यह रेस्तरां को वास्तविक समय के उपभोग आंकड़ों के आधार पर अपने मेन्यू और कीमतों का प्रबंधन करने में मदद करता है।

वहीं, फटाफट सामान की आपूर्ति करने वाले मंच इंस्टामार्ट का संचालन करने वाली स्विगी ने अपने शेयरधारकों को लिखे पत्र में कहा कि फसल कटाई के सत्र और प्रमुख राज्य चुनावों के एक साथ होने से डिलिवरी साझेदारों की उपलब्धता प्रभावित हुई।

कंपनी ने कहा कि पिछले चार सप्ताह के दौरान बड़ी संख्या में गिग कर्मी अपने गृह राज्य चले गए थे, जिससे पूरे उद्योग में डिलिवरी साझेदारों की कमी महसूस की गई।

स्विगी के अनुसार, इस कारण कुछ शहरों में डिलिवरी समय अस्थायी रूप से बढ़ गया और अधिक मांग वाले क्षेत्रों में ‘सर्ज प्राइसिंग’ तथा लंबी दूरी की सेवाओं में बदलाव जैसे कदम उठाने पड़े।

कंपनी ने कहा कि अगले कुछ सप्ताह में स्थिति सामान्य होने की उम्मीद है।

भाषा अजय अजय पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में