गोवा को 12 लौह अयस्क ब्लॉकों की नीलामी से 252.83 करोड़ रुपये मिले: मुख्यमंत्री सावंत
गोवा को 12 लौह अयस्क ब्लॉकों की नीलामी से 252.83 करोड़ रुपये मिले: मुख्यमंत्री सावंत
पणजी, सात मार्च (भाषा) गोवा की अर्थव्यवस्था को बड़ी मजबूती देते हुए राज्य सरकार को 12 लौह अयस्क ब्लॉकों की नीलामी से अग्रिम भुगतान के रूप में 252.83 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने यह जानकारी दी।
मुख्यमंत्री सावंत ने राज्य का बजट 2026-27 पेश करते हुए कहा कि नीलाम किए गए ब्लॉकों में से पांच डिचोली, शिरगांव-मय्येम, सिरीगांव, अडवालपाल-थिविम और कुडनेम-कोरलिम में परिचालन पहले ही शुरू हो चुका है।
उन्होंने सदन को बताया कि शेष सात ब्लॉक पर्यावरणीय मंजूरी और अन्य वैधानिक अनुमतियां प्राप्त करने की प्रक्रिया में हैं। इन लौह अयस्क ब्लॉकों की नीलामी से सरकार को अग्रिम भुगतान के रूप में कुल 252.83 करोड़ रुपये मिले हैं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि बजट में खान विभाग के लिए कुल 26 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा, ‘मेरी सरकार अधिक ब्लॉकों की नीलामी के लिए चौथे ‘निविदा आमंत्रण सूचना’ और माइनिंग डंप की ई-नीलामी के दूसरे चरण को शुरू करने की प्रक्रिया में है।’
खनन से प्रभावित ट्रक मालिकों को वित्तीय राहत देने के लिए सावंत ने ‘खनन प्रभावित ट्रक मालिकों के लिए ‘ग्रीन टैक्स’ और ‘फिटनेस शुल्क’ की प्रतिपूर्ति’ योजना को जारी रखने की घोषणा की। इसके लिए बजट में चार करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
सरकार ने तीन करोड़ रुपये की लागत से गोवा इंजीनियरिंग कॉलेज में एक ‘अयस्क ग्रेड परीक्षण प्रयोगशाला’ स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा है। इसके अतिरिक्त, राज्य खनन क्षेत्र से प्रभावित ‘बार्ज’ (माल ढोने वाले बड़े जहाजों) मालिकों को अपने जहाजों की मरम्मत के लिए वित्तीय संस्थानों के माध्यम से रियायती ऋण प्रदान करने की योजना भी बना रहा है।
भाषा सुमित पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


