नयी दिल्ली, 22 मार्च (भाषा) गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड और लोढ़ा डेवलपर्स लिमिटेड भारत में आवास की मांग को लेकर आशावादी हैं, क्योंकि दोनों रियल एस्टेट कंपनियों ने चालू वित्त वर्ष में अब तक 25 से अधिक भूखंडों का अधिग्रहण किया है ताकि एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की संयुक्त राजस्व क्षमता वाली आवासीय परियोजनाओं का विकास किया जा सके।
निवेशकों के सामने प्रस्तुत एक जानकारी के अनुसार, लोढ़ा डेवलपर्स ने चालू वित्त के पहले नौ महीनों के दौरान मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर), दिल्ली-एनसीआर, पुणे और बेंगलुरु में आवास परियोजनाओं को विकसित करने के लिए 11 भूखंडों का अधिग्रहण किया है।
लोढ़ा समूह द्वारा अधिग्रहित इन 11 भूखंडों का अनुमानित विक्रय योग्य क्षेत्रफल दो करोड़ वर्ग फुट है और अनुमानित विक्रय मूल्य 58,800 करोड़ रुपये है।
इसी तरह, गोदरेज प्रॉपर्टीज भी समूह आवास और आवासीय भूखंड विकास परियोजनाओं के लिए प्रथम और द्वितीय श्रेणी के शहरों में आक्रामक रूप से भूमि के टुकड़े अधिग्रहित कर रही है।
गोदरेज प्रॉपर्टीज ने चालू वित्त वर्ष में अब तक 42,000 करोड़ रुपये की आवासीय परियोजनाओं को विकसित करने के लिए लगभग 20 भूखंडों का अधिग्रहण किया है।
निवेशकों को दी गई प्रस्तुति के अनुसार, गोदरेज प्रॉपर्टीज ने चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों में आवास परियोजनाओं को विकसित करने के लिए 12 भूखंडों का अधिग्रहण किया है, जिनका अनुमानित विक्रय योग्य क्षेत्रफल 2.23 करोड़ वर्ग फुट और अपेक्षित बुकिंग मूल्य 24,650 करोड़ रुपये है।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय