रुपये में कमजोरी, वैश्विक बाजारों में तेजी से सोने-चांदी की कीमतें चढ़ीं

रुपये में कमजोरी, वैश्विक बाजारों में तेजी से सोने-चांदी की कीमतें चढ़ीं

रुपये में कमजोरी, वैश्विक बाजारों में तेजी से सोने-चांदी की कीमतें चढ़ीं
Modified Date: June 22, 2026 / 06:57 pm IST
Published Date: June 22, 2026 6:57 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) राजधानी राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को कीमती धातुओं की कीमतों में सुधार हुआ। वैश्विक बाजारों में तेजी और रुपये की कीमत में गिरावट के कारण सोना 1,700 रुपये बढ़कर 1.52 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जबकि चांदी 4,800 रुपये महंगी हो गई।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने में लगातार चार दिन की गिरावट का सिलसिला टूटा और इसका भाव शुक्रवार के 1,50,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद स्तर से 1,700 रुपये बढ़कर 1,52,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स सहित) पर बंद हुआ।

चांदी की कीमत भी 4,800 रुपये बढ़कर 2,45,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स सहित) हो गई। पिछले सत्र में, चांदी 8,040 रुपये की गिरावट के साथ 2,40,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

कारोबारियों ने कहा कि पिछले हफ्ते आई भारी गिरावट के बाद रुपये में कमजोरी और विदेशी बाजारों में मजबूती से कीमती धातुओं की मांग फिर से बढ़ गई।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सोमवार को सोने की कीमतों में थोड़ी बढ़ोतरी हुई क्योंकि निवेशकों ने बेहतर होते भू-राजनीतिक माहौल और लंबे समय तक अमेरिकी ब्याज दरों के ऊंचे बने रहने की उम्मीदों के बीच संतुलन बनाया।’’

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 49.93 डॉलर या 1.2 प्रतिशत बढ़कर 4,210.19 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 2.4 प्रतिशत बढ़कर 66.47 डॉलर प्रति औंस हो गई।

मिराए एसेट शेयरखान के जिंस और मुद्रा प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘हाजिर सोने और चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई क्योंकि अमेरिका और ईरान स्विट्जरलैंड में बातचीत के दौरान अंतिम समझौते के लिए एक रूपरेखा पर सहमत हुए हैं।’’

उन्होंने कहा कि अंतिम समझौते तक पहुंचने के लिए 60 दिन के युद्धविराम के दौरान ईरान के परमाणु कार्यक्रम और प्रतिबंधों सहित कई मुद्दों पर तकनीकी बातचीत जारी रहेगी।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में