अमेरिका-ईरान तनाव के बीच सोना कीमत 2,500 रुपये टूटा, चांदी 5,000 रुपये कमजोर

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच सोना कीमत 2,500 रुपये टूटा, चांदी 5,000 रुपये कमजोर

अमेरिका-ईरान तनाव के बीच सोना कीमत 2,500 रुपये टूटा, चांदी 5,000 रुपये कमजोर
Modified Date: June 1, 2026 / 06:58 pm IST
Published Date: June 1, 2026 6:58 pm IST

नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमत 2,500 रुपये टूटकर 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई। अमेरिका और ईरान के बीच फिर से शुरू हुए सैन्य संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के बाद वैश्विक बाजारों में आई गिरावट से यहां भी सोने कमजोर पड़ गया।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में 2,500 रुपये (1.53 प्रतिशत) की गिरावट आई। शुक्रवार को बंद हुई कीमत 1,62,900 रुपये प्रति 10 ग्राम से गिरकर यह 1,60,400 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गयी।

चांदी की कीमतों में भी भारी गिरावट आई और यह 5,000 (या लगभग 2 प्रतिशत) टूटकर 2,69,700 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गई। पिछले सत्र में चांदी की कीमत 2,74,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक-जिंस सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सोने ने सप्ताह की शुरुआत कमजोर रुख के साथ की, क्योंकि सप्ताहांत में अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बढ़े तनाव ने कच्चे तेल की कीमतों को बढ़ा दिया और डॉलर को मजबूत किया।’’

उन्होंने कहा कि अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में हुई बढ़ोतरी का असर भी कीमती धातुओं पर पड़ा, जिससे सोने और चांदी जैसी संपत्तियों में निवेशकों की दिलचस्पी कम हो गई।

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, हाजिर सोना की कीमत लगभग एक प्रतिशत टूटकर 4,504.97 डॉलर प्रति औंस रह गई। हालांकि, चांदी की कीमत में एक प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई और यह 75.93 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

कोटक सिक्योरिटीज में जिंस शोध विभाग की एवीपी, कायनात चैनवाला ने कहा कि सोमवार को हाजिर सोने की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। यह 4,500 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी की कीमत बढ़कर 76 डॉलर प्रति औंस के करीब पहुंच गई। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष-विराम के ढांचे को लेकर बनी अनिश्चितता के माहौल में कीमती धातुओं ने सप्ताह की शुरुआत सतर्क रुख के साथ की।

चैनवाला ने कहा कि इस सप्ताह, बाजार के भागीदार अमेरिका के रोजगार आंकड़ों, फेडरल रिजर्व के अधिकारियों और वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट की टिप्पणियों पर बारीकी से नजर रखेंगे। उन्होंने बताया कि सर्राफा की कीमतों पर नए संकेतों के लिए कारोबारी पश्चिम एशिया में होने वाले आगे के घटनाक्रमों पर भी नजर रखेंगे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में