दिल्ली में सोना 1.47 लाख रुपये पर स्थिर, चांदी में 500 रुपये का सुधार

Ads

दिल्ली में सोना 1.47 लाख रुपये पर स्थिर, चांदी में 500 रुपये का सुधार

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 06:29 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 06:29 PM IST

नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतें 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रहीं, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मजबूती के रुख के बीच चांदी में 500 रुपये का मामूली सुधार हुआ और यह बढ़कर 2.25 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,47,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर स्थिर रही।

हालांकि, चांदी मंगलवार के 2,24,800 रुपये के बंद स्तर से 500 रुपये बढ़कर 2,25,300 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) हो गई।

कारोबारियों ने कहा कि सोना एक सीमित दायरे में रहा, जबकि पिछले सत्र में तेज गिरावट के बाद चांदी में थोड़ा सुधार हुआ।

बुधवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में सोने का कारोबार सपाट रहा।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि भारतीय रुपये के मजबूत होने से घरेलू कीमती धातुओं की कीमतों पर दबाव पड़ा।

विदेशी बाजारों में, हाजिर सोना 4,031.73 डॉलर प्रति औंस पर सपाट कारोबार कर रहा था और चांदी लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 57.54 डॉलर प्रति औंस हो गई।

मिराए एसेट शेयरखान में जिंस विभाग के प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा कि पश्चिम एशिया में नए तनाव ने कच्चे तेल की कीमतों को बढ़ा दिया है, जिससे महंगाई की चिंताएं फिर से बढ़ गई हैं और अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय