गुजरात सरकार ने उद्योगों को गैस आपूर्ति में 50 प्रतिशत तक कटौती की
गुजरात सरकार ने उद्योगों को गैस आपूर्ति में 50 प्रतिशत तक कटौती की
अहमदाबाद, 10 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया संकट से गैस आपूर्ति को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच गुजरात सरकार ने घरेलू रसोई गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उद्योगों को होने वाली गैस आपूर्ति में 50 प्रतिशत तक कटौती कर दी है।
गुजरात के ऊर्जा मंत्री ऋषिकेश पटेल ने मंगलवार को विधानसभा सत्र से पहले यहां संवाददाताओं से कहा कि राज्य और केंद्र सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि किसी भी घर में रसोई गैस सिलेंडर की कमी न हो।
उन्होंने कहा कि गैस की घरेलू खपत को प्राथमिकता देने के लिए कुछ औद्योगिक उपयोगों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा, “उद्योगों को मिलने वाली गैस आपूर्ति में 50 प्रतिशत की कटौती की गई है। उर्वरक और दूध प्रसंस्करण क्षेत्रों के लिए गैस आपूर्ति में लगभग 40 प्रतिशत कटौती की गई है।”
पटेल ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य घरेलू उपभोक्ताओं को रसोई गैस की नियमित और स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित करना है।
उन्होंने गुजरात के राजकोट में होटल और रेस्तरां को वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों पर संभावित प्रतिबंध से जुड़े सवाल पर कहा कि फिलहाल वाणिज्यिक गैस सिलेंडर पर कोई कटौती या प्रतिबंध नहीं लगाया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का तत्काल ध्यान यह सुनिश्चित करना है कि घरों की रसोई सामान्य रूप से चलती रहें और घरेलू गैस आपूर्ति में कोई बाधा न आए।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


