नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी (एएमसी) का जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 2.4 प्रतिशत घटकर 622.66 करोड़ रुपये रह गया।
कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि पिछले वर्ष की समान अवधि में उसका शुद्ध लाभ 638.46 करोड़ रुपये रहा था।
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का राजस्व सालाना आधार पर 17 प्रतिशत बढ़कर 1,051.51 करोड़ रुपये हो गया।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में इसका का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 16 प्रतिशत बढ़कर 2,858.06 करोड़ रुपये रहा जबकि राजस्व 18 प्रतिशत बढ़कर 4,122.16 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी के निदेशक मंडल ने 31 मार्च, 2026 को समाप्त वित्त वर्ष के लिए 54 रुपये प्रति शेयर के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है। इसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी ली जाएगी।
इसके अलावा, निदेशक मंडल ने प्रौद्योगिकी से जुड़े मामलों में स्वतंत्र एवं उच्च-स्तरीय मार्गदर्शन देने के लिए प्रौद्योगिकी समिति में राजन आनंदन को आमंत्रित सदस्य एवं बाहरी विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त करने को मंजूरी दी। उनकी नियुक्ति 16 अप्रैल, 2026 से तीन वर्ष के लिए होगी।
एचडीएफसी एएमसी देश के प्रमुख म्यूचुअल फंड में से एक एचडीएफसी म्यूचुअल फंड की निवेश प्रबंधक है।
भाषा निहारिका अजय
अजय