हीरो मोटो, होंडा मोटरसाइकिल, टीवीएस मोटर की दोपहिया बिक्री पकड़ी रफ्तार

हीरो मोटो, होंडा मोटरसाइकिल, टीवीएस मोटर की दोपहिया बिक्री पकड़ी रफ्तार

हीरो मोटो, होंडा मोटरसाइकिल, टीवीएस मोटर की दोपहिया बिक्री पकड़ी रफ्तार
Modified Date: April 1, 2026 / 08:53 pm IST
Published Date: April 1, 2026 8:53 pm IST

मुंबई, एक अप्रैल (भाषा) देश की सबसे बड़ी दोपहिया विनिर्माता हीरो मोटोकॉर्प की मार्च महीने में कुल बिक्री 8.84 प्रतिशत बढ़कर 5,98,198 इकाई रही जबकि एक साल पहले की समान अवधि में उसने 5,49,604 इकाई बेची थी।

हीरो मोटोकॉर्प ने बुधवार को कहा कि सरकारी वाहन पंजीकरण मंच ‘वाहन’ के आंकड़ों के मुताबिक, मार्च में उसकी खुदरा दोपहिया बिक्री 5,42,436 इकाई रही जो सालाना आधार पर 24 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्शाता है।

कंपनी ने कहा कि इस मांग में 100-125सीसी खंड की अहम भूमिका रही। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्र में भी मांग तेज रहने से इसे समर्थन मिला।

वहीं, होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (एचएमएसआई) ने मार्च 2026 में कुल 5,49,145 इकाइयों की बिक्री की जो पिछले साल इसी महीने के 4,27,448 इकाइयों की तुलना में 29 प्रतिशत अधिक है।

एचएमएसआई ने बताया कि मार्च में उसने 5,12,303 इकाइयों की घरेलू बिक्री की जबकि इस दौरान 36,842 इकाइयों का निर्यात हुआ।

दोपहिया वाहन के अलावा तिपहिया खंड में भी सक्रिय कंपनी टीवीएस मोटर ने बीते महीने कुल 5,19,358 वाहनों की बिक्री की जो एक साल पहले बिकी 4,14,687 इकाइयों से 25 प्रतिशत अधिक है।

मार्च, 2026 में टीवीएस मोटर की घरेलू दोपहिया बिक्री 25 प्रतिशत बढ़कर 3,72,383 इकाई हो गई। इसके अलावा कंपनी ने 1,41,443 इकाइयों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी बिक्री की जो सालाना आधार पर 25 प्रतिशत अधिक है।

इस दौरान कंपनी की तिपहिया बिक्री 46 प्रतिशत उछलकर 21,224 इकाई हो गई जो मार्च, 2025 में 14,567 इकाई थी।

इसके अलावा, सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने भी मार्च महीने में कुल 1,31,491 इकाइयों की बिक्री की जो साल भर पहले के 1,18,491 इकाई से 11 प्रतिशत अधिक है।

इस दौरान घरेलू खुदरा बिक्री 11 प्रतिशत बढ़कर 1,08,661 इकाई हो गई जबकि इसने 22,830 इकाइयों का निर्यात भी किया।

सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने कहा कि मार्च के बेहतरीन प्रदर्शन के साथ उसने वित्त वर्ष 2025-26 का भी शानदार समापन किया है। इस दौरान उसने कुल 14,39,415 दोपहिया की बिक्री कर अपना रिकॉर्ड बनाया है।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में