हीरो मोटोकॉर्प का अप्रैल-जून तिमाही में शुद्ध लाभ 16.86 प्रतिशत घटा

Ads

हीरो मोटोकॉर्प का अप्रैल-जून तिमाही में शुद्ध लाभ 16.86 प्रतिशत घटा

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 10:26 AM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 10:26 AM IST

नयी दिल्ली, सात अगस्त (भाषा) दोपहिया वाहन विनिर्माता हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 16.86 प्रतिशत घटकर 1,417.93 करोड़ रुपये रह गया।

वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में कंपनी ने 1,705.65 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध लाभ कमाया था।

कंपनी ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही के लाभ में सहयोगी कंपनियों में उसके निवेश की हिस्सेदारी आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) और निजी नियोजन (प्राइवेट प्लेसमेंट) के बाद घटने से प्राप्त 722 करोड़ रुपये का एकमुश्त लाभ भी शामिल था। इसी कारण चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के नतीजों पर उच्च आधार प्रभाव पड़ा।

कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी एकीकृत परिचालन आय बढ़कर 13,126.35 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 9,727.75 करोड़ रुपये थी।

अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी ने 16.77 लाख मोटरसाइकिल और स्कूटर बेचे, जो 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही की तुलना में 23 प्रतिशत अधिक है।

समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 11,621.48 करोड़ रुपये हो गया, जो एक वर्ष पहले की समान अवधि में 8,541.12 करोड़ रुपये था।

भाषा योगेश

योगेश