वैश्विक व्यापार परिदृश्य में भारत सबसे गतिशील अवसरों में से एकः वॉलमार्ट सीईओ

वैश्विक व्यापार परिदृश्य में भारत सबसे गतिशील अवसरों में से एकः वॉलमार्ट सीईओ

वैश्विक व्यापार परिदृश्य में भारत सबसे गतिशील अवसरों में से एकः वॉलमार्ट सीईओ
Modified Date: May 7, 2026 / 09:27 pm IST
Published Date: May 7, 2026 9:27 pm IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) अमेरिकी कंपनी वॉलमार्ट के अध्यक्ष और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) जॉन फर्नर ने भारत को वैश्विक व्यापार में सबसे गतिशील अवसरों में से एक बताते हुए कहा है कि कंपनी अब तक यहां से 40 अरब डॉलर मूल्य का सामान खरीद चुकी है।

फर्नर ने कहा कि कंपनी उद्यमियों और आपूर्तिकर्ताओं की क्षमताओं को मजबूत करने, अनुपालन और गुणवत्ता मानकों को बेहतर बनाने तथा विनिर्माण क्षमता बढ़ाने पर ध्यान दे रही है, ताकि अधिक भारतीय व्यवसाय निर्यात के लिए तैयार हो सकें।

वॉलमार्ट ने पहले घोषणा की थी कि वह 2027 तक भारत से हर साल 10 अरब डॉलर तक के सामान की खरीद का लक्ष्य रखती है।

फर्नर ने यहां आयोजित ‘वालमार्ट ग्रोथ’ सम्मेलन के दूसरे संस्करण में कहा, ‘‘अब तक हमने 40 अरब डॉलर का सामान खरीदा है। उद्यमियों को मजबूत करने एवं आपूर्तिकर्ता की क्षमता बढ़ाने, नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने, गुणवत्तापूर्ण मानक स्थापित करने और विनिर्माण बढ़ाने पर ध्यान दे रहे हैं।’

कंपनी ने अपनी ‘वृद्धि’ पहल के तहत 1.15 लाख से अधिक उद्यमियों को सशक्त बनाने में में मदद की है। इस पहल का मकसद एमएसएमई (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम) को आधुनिक करने, उनका विस्तार करने और उनके घरेलू लक्ष्यों को पूरा करने में मदद करने के लिए तैयार किया गया है।

वालमार्ट इंडिया के एक बयान के मुताबिक, यह पहल उद्यमों को अपने अनुपालन एवं गुणवत्ता मानकों को बेहतर बनाने और विनिर्माण को बढ़ाने में मदद कर रही है, ताकि अधिक से अधिक भारतीय व्यवसायिक निर्यात के लिए तैयार हो सकें।

भारत की यात्रा पर आए फर्नर ने कहा, ‘‘यह काम आर्थिक अवसरों का विस्तार कर रहा है और भारत के नवाचार व्यवसाय को दुनिया भर के ग्राहकों से जोड़ रहा है।’’

इस साल की शुरुआत में वालमार्ट के समर्थन वाली वित्तीय-प्रौद्योगिकी कंपनी फोनपे ने अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए मसौदा परिपत्र दाखिल किया था।

वर्ष 2018 में भारतीय ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट में 77 प्रतिशत हिस्सेदारी लेने वाली वॉलमार्ट ने नयी दिल्ली में अपने ‘ग्रोथ समिट’ का दूसरा संस्करण आयोजित किया।

इस कार्यक्रम में निर्यात के लिए तैयार व्यवसाय, एमएसएमई, डिजिटल-फर्स्ट ब्रांड और आपूर्ति शृंखला साझेदार एक साथ आए, ताकि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाज़ारों में विकास के अवसरों को तलाशा जा सके।

सम्मेलन के दौरान, वॉलमार्ट और फ्लिपकार्ट के नेतृत्व ने वैश्विक आपूर्ति शृंखला में भारतीय व्यवसायों की बढ़ती भूमिका और स्थानीय साझेदारी को गहरा करने और क्षमता-निर्माण के प्रयासों के महत्व पर ज़ोर दिया।

भाषा राजेश राजेश रमण प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में