नयी दिल्ली, 10 सितंबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत और रूस नई द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) पर बातचीत तेज कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य दोनों देशों के निवेशकों को कानूनी निश्चितता प्रदान करना है।
गोयल ने यहां भारत-रूस व्यापार संवाद को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों देश भारत और रूस की अगुवाई वाले यूरेशियन आर्थिक संघ (ईएईयू) के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर बातचीत जल्द पूरी करने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं।
यूरेशियन आर्थिक संघ (ईएईयू) में पांच देश आर्मेनिया, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान और रूस शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह समझौता सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) समेत विभिन्न उद्योगों के लिए नए बाजार खोलेगा।
गोयल ने कहा, ‘‘हम (भारत-रूस) नए द्विपक्षीय निवेश संधि पर बातचीत तेज कर रहे हैं, ताकि दोनों देशों के निवेशकों को उन परियोजनाओं और कारोबार के लिए कानूनी निश्चितता मिल सके, जिसकी वे निवेश संबंधी निर्णय लेते समय तलाश करते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम स्थानीय मुद्राओं में भुगतान की व्यवस्था को मजबूत करना जारी रख रहे हैं, क्योंकि जमीनी स्तर पर व्यापार को धीमा करने वाली समस्या अक्सर शुल्क नहीं बल्कि भुगतान से जुड़ी अड़चनें होती हैं।’’
भाषा योगेश अजय
अजय