अहमदाबाद, 15 अप्रैल (भाषा) पश्चिम एशिया में तनाव के बीच 20,400 टन तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) लेकर भारतीय ध्वज वाला जहाज ‘जग विक्रम’ गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी पर पहुंच गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
दीनदयाल पोर्ट अथॉरिटी ने बयान में कहा कि जहाज ने अमेरिका और ईरान के बीच दो सप्ताह के अस्थायी युद्धविराम के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया और उसने मंगलवार रात कच्छ में डीपीए कांडला के ऑयल जेटी-1 पर लंगर डाला।
सरकारी अधिकारियों ने पहले कहा था कि मार्च की शुरुआत के बाद से फारस की खाड़ी से बाहर निकलने वाला यह नौवां भारतीय जहाज था, जबकि लगभग 15 अन्य भारतीय ध्वज वाले जहाज अभी भी इस क्षेत्र में फंसे हुए हैं।
इस टैंकर ने 11 अप्रैल को होर्मुज जलडमरूमध्य को पार किया।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय