भारत का अमेरिका को निर्यात जून में 1.21 प्रतिशत घटा, आयात बढ़ा
भारत का अमेरिका को निर्यात जून में 1.21 प्रतिशत घटा, आयात बढ़ा
नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) भारत का अमेरिका को निर्यात जून में 1.21 प्रतिशत घटकर 8.17 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात सालाना आधार पर 33.86 प्रतिशत बढ़कर 5.5 अरब डॉलर हो गया। सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
भारत का अमेरिका को निर्यात बीते वर्ष जून में 8.27 अरब डॉलर, जबकि आयात 4.11 अरब डॉलर था।
देश का वस्तु निर्यात अप्रैल-जून, 2026-27 के दौरान, मामूली 0.06 प्रतिशत घटकर 25.46 अरब डॉलर रहा, जबकि आयात 23.82 प्रतिशत बढ़कर 16.65 अरब डॉलर हो गया।
भारत और अमेरिका व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। अमेरिका ने 24 फरवरी से 150 दिन के लिए अतिरिक्त 10 प्रतिशत का अस्थायी शुल्क लगाया है।
आंकड़ों के अनुसार, चीन को देश का निर्यात जून में 31.49 प्रतिशत बढ़कर 1.8 अरब डॉलर हो गया, जबकि पड़ोसी देश से आयात 40.26 प्रतिशत बढ़कर 13.34 अरब डॉलर रहा। व्यापार घाटा 11.54 अरब डॉलर रहा।
चीन को भारत से वस्तु निर्यात चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही के दौरान 27.54 प्रतिशत बढ़कर 5.6 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 27.94 प्रतिशत बढ़कर 38.04 अरब डॉलर रहा।
इसी तरह, पिछले महीने सिंगापुर को निर्यात सालाना आधार पर 48.91 प्रतिशत बढ़कर 1.44 अरब डॉलर रहा। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही के दौरान, निर्यात 101.16 प्रतिशत बढ़कर 6.51 अरब डॉलर पहुंच गया।
भारत ने इस अवधि के दौरान संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, ब्रिटेन, जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश, तंजानिया, ऑस्ट्रेलिया, मलेशिया, श्रीलंका, इटली और वियतनाम को भी निर्यात में भी वृद्धि दर्ज की है।
हालांकि, जून में सऊदी अरब और फ्रांस को निर्यात में गिरावट आई। दूसरी ओर, रूस, संयुक्त अरब अमीरात, कोरिया, सिंगापुर, जापान, जर्मनी, ओमान, मलेशिया, ताइवान, थाइलैंड, ब्राजील और नाइजीरिया से होने वाले आयात में बढ़ोतरी हुई।
आयात के मोर्चे पर जून में ओमान, ताइवान, ब्राजील और नाइजीरिया से आयात में अच्छी तेजी आई। ओमान से 135.57 प्रतिशत बढ़कर 1.38 अरब डॉलर, ताइवान से 135 प्रतिशत बढ़कर 1.5 अरब डॉलर, ब्राजील से 162.3 प्रतिशत बढ़कर 1.15 अरब डॉलर और नाइजीरिया से 301.91 प्रतिशत बढ़कर 99.64 करोड़ डॉलर हो गया।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


