आईआरएफ का दिल्ली सरकार से ईवी प्रोत्साहन पर मूल्य सीमा हटाने का आग्रह

आईआरएफ का दिल्ली सरकार से ईवी प्रोत्साहन पर मूल्य सीमा हटाने का आग्रह

आईआरएफ का दिल्ली सरकार से ईवी प्रोत्साहन पर मूल्य सीमा हटाने का आग्रह
Modified Date: July 9, 2026 / 02:56 pm IST
Published Date: July 9, 2026 2:56 pm IST

नयी दिल्ली, नौ जुलाई (भाषा) अंतरराष्ट्रीय सड़क महासंघ (आईआरएफ) ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) नीति के तहत प्रोत्साहनों पर लागू मूल्य सीमा हटाने का बृहस्पतिवार को आग्रह किया है।

महासंघ का कहना है कि कीमत चाहे जो भी हो, सभी ईवी प्रदूषण कम करने में समान भूमिका निभाते हैं।

आईआरएफ ने बयान में कहा कि वर्तमान व्यवस्था के तहत 100 प्रतिशत पथ कर और पंजीकरण शुल्क में छूट का लाभ लेने के लिए वाहन की शोरूम कीमत 30 लाख रुपये या उससे कम होना आवश्यक है। इस सीमा से अधिक कीमत वाली इलेक्ट्रिक कार को कर में किसी तरह की छूट नहीं मिलती।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को लिखे पत्र में आईआरएफ के अध्यक्ष (मानद) के.के. कपिला ने इलेक्ट्रिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार की पहल और चार्जिंग अवसंरचना के विस्तार की सराहना की।

लेकिन कपिला ने आशंका जताई कि प्रोत्साहनों के एक निश्चित मूल्य सीमा निर्धारण का फैसला बाजार के कई वर्गों में ईवी अपनाने की मंशा को हतोत्साहित कर सकता है।

उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार बिना किसी मूल्य सीमा के ईवी प्रोत्साहन का विस्तार करे, ताकि इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने वाले सभी उपभोक्ताओं को समान रूप से लाभ मिल सके।

भाषा यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में