जेएसडब्ल्यू स्टील ने आंध्र प्रदेश में 16,350 करोड़ रुपये की इस्पात परियोजना का काम किया शुरू

जेएसडब्ल्यू स्टील ने आंध्र प्रदेश में 16,350 करोड़ रुपये की इस्पात परियोजना का काम किया शुरू

जेएसडब्ल्यू स्टील ने आंध्र प्रदेश में 16,350 करोड़ रुपये की इस्पात परियोजना का काम किया शुरू
Modified Date: July 3, 2026 / 04:30 pm IST
Published Date: July 3, 2026 4:30 pm IST

नयी दिल्ली, तीन जुलाई (भाषा) जेएसडब्ल्यू स्टील ने आंध्र प्रदेश में 16,350 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से 20 लाख टन क्षमता वाले इस्पात संयंत्र की परियोजना का काम शुरू कर दिया है।

कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि यह परियोजना उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी जेएसडब्ल्यू रायलसीमा स्टील लिमिटेड के माध्यम से दो चरणों में स्थापित की जाएगी।

जेएसडब्ल्यू स्टील ने कहा कि उसने आंध्र प्रदेश में रायलसीमा इस्पात परियोजना पर काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में 4,500 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश से 10 लाख टन सालाना (एमटीपीए) क्षमता वाला एकीकृत इस्पात संयंत्र स्थापित किया जाएगा, जहां कम कार्बन उत्सर्जन वाले इस्पात उत्पादों का निर्माण होगा।

कंपनी ने कहा कि दूसरे चरण में 11,850 करोड़ रुपये तक के अतिरिक्त प्रस्तावित निवेश से क्षमता बढ़ाकर 20 लाख टन प्रति वर्ष की जाएगी। इसके साथ ही परियोजना में कुल निवेश 16,350 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।

यह परियोजना इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (ईएएफ) प्रौद्योगिकी पर आधारित होगी, जिसमें कच्चे माल के रूप में पुनर्चक्रित कबाड़ (स्क्रैप) और उच्च गुणवत्ता वाले ‘डायरेक्ट रिड्यूस्ड आयरन’ (डीआरआई) का उपयोग कर संरचनात्मक इस्पात का उत्पादन किया जाएगा।

जेएसडब्ल्यू स्टील की कुल कच्चे इस्पात की उत्पादन क्षमता 3.79 करोड़ टन सालाना है, जिसमें जेएसडब्ल्यू जेएफई स्टील के संयुक्त उद्यम की 45 लाख टन प्रति वर्ष क्षमता भी शामिल है।

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में