कर्नाटक ने ‘क्वांटम सिटी’ के लिए वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों, स्टार्टअप को साझेदारी का दिया न्योता
कर्नाटक ने ‘क्वांटम सिटी’ के लिए वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों, स्टार्टअप को साझेदारी का दिया न्योता
बेंगलुरु, आठ सितंबर (भाषा) कर्नाटक सरकार ने प्रस्तावित ‘क्वांटम सिटी’ को शोध, नवाचार और उद्योग सहयोग का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों, स्टार्टअप, निवेशकों और शोधकर्ताओं को साझेदारी का न्योता दिया है।
यहां अंतरिक्ष, परिवहन और ड्रोन पर आयोजित एक बैठक में सूक्ष्म सिंचाई और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अजय धरम सिंह ने मंगलवार को कहा कि राज्य चाहता है कि उद्योग और नवोन्मेषक शुरुआती चरण से ही इससे जुड़ें और राज्य के गहन प्रौद्योगिकी पारिस्थितिकी तंत्र को आकार देने में अपने विचार रखें, प्रौद्योगिकी और साझेदारी का योगदान दें।
उन्होंने कहा कि सरकार प्रौद्योगिकी कंपनियों को राज्य में अपने कारोबार के निर्माण, परीक्षण, विनिर्माण और विस्तार के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने पर जोर दे रही है।
सिंह ने कर्नाटक अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी नीति वर्ष 2025-30 का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य का लक्ष्य 2033 तक भारत के अंतरिक्ष बाजार में 50 प्रतिशत और वैश्विक बाजार में पांच प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करना है। नीति के तहत तीन अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश आकर्षित करने और 50,000 पेशेवरों को प्रशिक्षित करने का भी लक्ष्य है।
उन्होंने भूजल प्रबंधन, तालाब और झील की मैपिंग, सिंचाई परिसंपत्तियों के प्रबंधन तथा परियोजनाओं की निगरानी में उपग्रह तस्वीरों, ड्रोन, जीआईएस, रिमोट सेंसिंग और कृत्रिम मेधा) के अधिक इस्तेमाल पर जोर दिया।
भाषा अजय यासिर
अजय

Facebook


