केपीआईटी 1,138 करोड़ रुपये में करेगी इजराइल की कंपनी का अधिग्रहण
केपीआईटी 1,138 करोड़ रुपये में करेगी इजराइल की कंपनी का अधिग्रहण
नयी दिल्ली, छह मई (भाषा) परिवहन समाधान कंपनी केपीआईटी टेक्नोलॉजीज ने इजराइल की वाहन साइबर सुरक्षा कंपनी साइमोटिव टेक्नोलॉजीज में शत-प्रतिशत हिस्सेदारी 12 करोड़ डॉलर (लगभग 1,138 करोड़ रुपये) में खरीदने की घोषणा की है।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कहा कि यह अधिग्रहण कई चरणों में किया जाएगा। इसकी शुरुआत तरजीही पूंजी में एक करोड़ डॉलर के शुरुआती निवेश के साथ होगी। यह निवेश जून, 2026 के मध्य तक पूरा होने की उम्मीद है।
केपीआईटी ने कहा, ‘‘अगर तरजीही पूंजी को इक्विटी में बदला जाता है, तो 100 प्रतिशत हिस्सेदारी की खरीद दो चरणों में होगी। यह साइमोटिव के वास्तविक राजस्व और कर-पूर्व आय पर निर्भर करेगी। अभी, केपीआईटी द्वारा दिया जाने वाला कुल भुगतान छह करोड़ से 12 करोड़ (एक करोड़ डॉलर के अग्रिम सहित) डॉलर रहने की उम्मीद है।
यह शुरुआती निवेश आठ तिमाहियों के दौरान प्रदर्शन के कुछ विशेष मानक हासिल करने पर 26 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी में बदल जाएगा। इसके बाद केपीआईटी की योजना 2029 के मध्य तक दो और किस्तों में साइमोटिव की 100 प्रतिशत तक हिस्सेदारी का अधिग्रहण करने की है।
तेल अवीव मुख्यालय वाली साइमोटिव को इजराइल के साइबर सुरक्षा क्षेत्र के वरिष्ठ दिग्गजों और फॉक्सवैगन समूह की वाहन सॉफ्टवेयर कंपनी कैरिएड ने मिलकर शुरू किया था।
भाषा अजय अजय रमण
रमण

Facebook


