कुमार शंकर ने इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का पद संभाला
कुमार शंकर ने इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक का पद संभाला
नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) देश की सबसे बड़ी शहरी गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने सोमवार को कहा कि कुमार शंकर ने प्रबंध निदेशक का कार्यभार संभाल लिया है।
शंकर ने कमल किशोर चटिवाल की जगह ली है, जो तीन साल के कार्यकाल के बाद अपनी मूल कंपनी गेल (इंडिया) लिमिटेड में वापस लौट गए हैं।
आईजीएल ने एक बयान में कहा कि शंकर के पास भारत के तेल एवं गैस क्षेत्र में तीन दशक लंबा अनुभव है। इसमें प्राकृतिक गैस प्रसंस्करण, पेट्रो-रसायन, परियोजना प्रबंधन, कॉरपोरेट रणनीति, विपणन, नियामकीय मामले और शहरी गैस वितरण जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
आईजीएल का हिस्सा बनने के पहले वह महाराष्ट्र नेचुरल गैस लिमिटेड (एमएनजीएल) के प्रबंध निदेशक थे।
बयान के मुताबिक, गेल में 30 साल से लंबे करियर के दौरान शंकर ने गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और नई दिल्ली सहित कई व्यवसाय खंड और जगहों पर अलग-अलग पदों पर काम किया।
आईजीएल, गेल (इंडिया) लिमिटेड और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) का एक संयुक्त उद्यम है, जिसमें दिल्ली सरकार की भी पांच प्रतिशत हिस्सेदारी है।
कंपनी दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के 33 जिलों में शहरी गैस का वितरण करती है।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम

Facebook


