महुआ, फेनी ने भारतीय विरासत पेयों के रूप में ब्रिटेन में दी दस्तक
महुआ, फेनी ने भारतीय विरासत पेयों के रूप में ब्रिटेन में दी दस्तक
लंदन, 18 अप्रैल (भाषा) पारंपरिक जनजातीय पेय महुआ और गोवा की फेनी इस सप्ताह से ब्रिटेन के बाजार में भारतीय विरासत पेयों की नई श्रृंखला के तहत पहली बार पेश किए जा रहे हैं।
भारतीय पेयों को ब्रिटेन में पेश करने पर केंद्रित खुदरा कंपनी महाराजा ड्रिंक्स ने फेनी के तीन प्रकार और एक महुआ पेय बाजार में उतारा है।
यह विशेष खुदरा कंपनी जैविक प्रमाणन, टिकाऊ उत्पादन पद्धतियों तथा पर्यावरण के अनुकूल निर्माण, पैकेजिंग और परिवहन पर ध्यान देती है।
कंपनी की मुख्य कार्यकारी अधिकारी एनेबल जैमिसन ने कहा, ‘भारत में विरासत पेयों की असाधारण विविधता है, जिनकी जड़ें सदियों पुरानी कारीगरी और परंपराओं में हैं। आज उपभोक्ताओं और पेय परोसने वाले विशेषज्ञों में इन असली स्थानीय स्वादों को जानने की रुचि बढ़ रही है। इसलिए इन्हें पहली बार ब्रिटेन में पेश करने का यह सही समय है।’
कंपनी की नई श्रृंखला में गोएंची फेनी की काजू फेनी और नारियल फेनी, गोवा हेरिटेज आसवनशाला की मसालेदार फेनी ओरो डे गोवा, और आंध्र प्रदेश के डेसमंडजी की महुआ पेय शामिल हैं।
जैमिसन ने कहा कि फेनी अभी भी यहां दुर्लभ और विशिष्ट पेय है, जबकि महुआ एक नया और रोचक पेय है, जो अब अपनी पहचान बनाना शुरू कर रहा है।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


