नयी दिल्ली, 16 मार्च (भाषा) यात्रा प्रौद्योगिकी कंपनी मेकमाईट्रिप भारत में अपने कारोबार को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने पर विचार कर रही है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने कहा कि कारोबार को शेयर बाजार में सूचीबद्ध कराने का उद्देश्य कंपनी के ब्रांड को देश में और मजबूत बनाना, भारत में अपनी अग्रणी स्थिति बनाए रखना और लंबे समय तक वृद्धि को बढ़ावा देना है।
मेकमाईट्रिप ने कहा कि उसने अपने भारत में सभी प्रमुख ब्रांड को एक ही कंपनी में जोड़ने का आंतरिक पुनर्गठन पूरा कर लिया है।
इस बदलाव के तहत ‘रेडबस इंडिया’ का विलय ‘मेकमाईट्रिप इंडिया प्राइवेट लिमिटेड’ में कर दिया गया है।
मेकमाईट्रिप ने कहा, ‘दीर्घकालिक वृद्धि के लक्ष्यों के तहत कंपनी भारत में अपने कारोबार मेकमाईट्रिप इंडिया को सूचीबद्ध करने पर विचार कर रही है। इससे कंपनी को अतिरिक्त पूंजी जुटाने का अवसर मिलेगा।’
भाषा योगेश अजय
अजय