मणिपाल हेल्थ ने आईपीओ के लिए दस्तावेज जमा किए, 8,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना
मणिपाल हेल्थ ने आईपीओ के लिए दस्तावेज जमा किए, 8,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना
नयी दिल्ली, 24 मार्च (भाषा) सिंगापुर की दिग्गज निवेश कंपनी टेमासेक समर्थित अस्पताल श्रृंखला ‘मणिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेस’ ने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के माध्यम से पूंजी जुटाने के लिए बाजार नियामक सेबी के पास शुरुआती दस्तावेज जमा किए हैं। कंपनी की योजना 8,000 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करने की है।
सोमवार को दाखिल दस्तावेजों के मसौदे (डीआरएचपी) के अनुसार, इस निर्गम में नए शेयर के अलावा प्रवर्तकों और निवेशकों द्वारा 4,32,27,668 इक्विटी शेयरों की ‘बिक्री की पेशकश’ (ओएफएस) भी शामिल होगी।
इसमें इंपीरियस हेल्थकेयर इन्वेस्टमेंट्स, मणिपाल एजुकेशन एंड मेडिकल ग्रुप इंडिया के साथ-साथ टीपीजी एसजी मैगजीन और नोवो होल्डिंग्स जैसे निवेशक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
कंपनी नए निर्गम से प्राप्त होने वाली 5,378 करोड़ रुपये की राशि का उपयोग अपनी इकाई ‘मणिपाल हॉस्पिटल्स’ द्वारा लिए गए ऋणों के भुगतान के लिए करेगी। इसके अलावा, 574 करोड़ रुपये का उपयोग अपनी अनुषंगी कंपनी ‘सह्याद्री हॉस्पिटल्स’ में अल्पांश हिस्सेदारी खरीदने और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।
कंपनी 1,600 करोड़ रुपये तक के आईपीओ पूर्व नियोजन पर विचार कर सकती है। यदि ऐसा होता है, तो नए निर्गम के आकार में कटौती की जाएगी।
वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व 8,242.2 करोड़ रुपये रहा, जबकि शुद्ध लाभ 1,081.6 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
भाषा सुमित अजय
अजय

Facebook


