सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से सात कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 2.16 लाख करोड़ रुपये घटा

सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से सात कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 2.16 लाख करोड़ रुपये घटा

सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से सात कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 2.16 लाख करोड़ रुपये घटा
Modified Date: January 29, 2023 / 03:05 pm IST
Published Date: January 29, 2023 3:05 pm IST

नयी दिल्ली, 29 जनवरी (भाषा) सेंसेक्स की शीर्ष 10 में से सात कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह सामूहिक रूप से 2,16,092.54 करोड़ रुपये की गिरावट आई। सबसे अधिक नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को हुआ।

बीते सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,290.87 अंक या 2.12 प्रतिशत नीचे आया।

इनके अलावा एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी और भारती एयरटेल के बाजार पूंजीकरण में भी गिरावट आई। वहीं दूसरी ओर टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), हिंदुस्तान यूनिलीवर और आईटीसी का बाजार मूल्यांकन बढ़ गया।

समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 71,003.2 करोड़ रुपये घटकर 15,81,601.11 करोड़ रुपये रह गया। सबसे अधिक नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज को ही हुआ।

एसबीआई की बाजार हैसियत 46,318.73 करोड़ रुपये घटकर 4,82,107.53 करोड़ रुपये रह गई। आईसीआईसीआई बैंक का बाजार मूल्यांकन 36,836.03 करोड़ रुपये के नुकसान के साथ 5,70,509.34 करोड़ रुपये पर आ गया। एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 24,899.93 करोड़ रुपये घटकर 9,01,287.61 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का 23,747.55 करोड़ रुपये के नुकसान से 4,31,583.22 करोड़ रुपये रह गया।

एचडीएफसी के बाजार मूल्यांकन में 10,257.28 करोड़ रुपये की गिरावट आई और यह 4,85,809.79 करोड़ रुपये पर आ गया। इन्फोसिस की बाजार हैसियत 3,029.82 करोड़ रुपये घटकर 6,38,891.87 करोड़ रुपये रह गई।

इस रुख के उलट टीसीएस का बाजार मूल्यांकन 17,837.88 करोड़ रुपये बढ़कर 12,47,882.88 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत 14,931.65 करोड़ रुपये बढ़कर 6,13,689.74 करोड़ रुपये हो गई। आईटीसी का मूल्यांकन 13,591.48 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 4,29,031.46 करोड़ रुपये रहा।

शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी, एसबीआई, भारती एयरटेल और आईटीसी का स्थान रहा।

भाषा अजय अजय पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में