मारुति सुजुकी ने वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 23.4 लाख इकाई का उत्पादन किया दर्ज

मारुति सुजुकी ने वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 23.4 लाख इकाई का उत्पादन किया दर्ज

मारुति सुजुकी ने वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 23.4 लाख इकाई का उत्पादन किया दर्ज
Modified Date: April 23, 2026 / 11:50 am IST
Published Date: April 23, 2026 11:50 am IST

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) मोटर वाहन विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 में 23.4 लाख इकाई का अब तक का सर्वाधिक वार्षिक उत्पादन दर्ज किया है।

कंपनी ने बृहस्पतिवार को बयान में कहा कि वाहन विनिर्माता संगठन सियाम के आंकड़ों के अनुसार वह 23.4 लाख इकाई का उत्पादन करने वाली भारत की एकमात्र यात्री वाहन विनिर्माता है।

मोटर वाहन विनिर्माता ने कहा कि वह सुजुकी मोटर कॉर्पोरेशन की वैश्विक मोटर वाहन विनिर्माण इकाइयों में इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने वाली एकमात्र कंपनी भी बन गई है।

एमएसआईएल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हिसाशी ताकेउची ने रिकॉर्ड उत्पादन पर कहा कि दुनिया भर में बहुत कम कंपनियां एक ही देश में इतनी बड़ी मात्रा में उत्पादन करने में सक्षम रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ यह उपलब्धि साढ़े चार दशकों में सावधानीपूर्वक विकसित किए गए मोटर वाहन परिवेश का परिणाम है। हमारे कर्मचारियों, विक्रेताओं और डीलर भागीदारों के साथ साझा आपसी विश्वास एवं दीर्घकालिक सहयोग इसकी नींव है।’’

ताकेउची ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतिगत व्यवस्था जैसे माल एवं सेवा कर (जीएसटी) मे कटौती लागू होने से बाजार के विश्वास को बल मिला जिससे कंपनी को रिकॉर्ड स्तर का उत्पादन करने में मदद मिली।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमारी मूल कंपनी, सुजुकी मोटर कॉरपोरेशन का भारत की विकास गाथा पर मजबूत विश्वास, साथ ही भारत को निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने पर बढ़ता ध्यान, हमें अपनी उत्पादन क्षमता और बढ़ाने में सक्षम बना रहा है। हम इसे प्रति वर्ष लगभग 40 लाख इकाई तक बढ़ाने का लक्ष्य रखते हैं।’’

एमएसआईएल ने कहा कि उसके मॉडल डिजायर, फ्रॉन्क्स, स्विफ्ट, अर्टिगा और बलेनो वर्ष के दौरान सबसे अधिक उत्पादित मॉडल रहे।

कंपनी वर्तमान में हरियाणा के मानेसर, गुरुग्राम और खरखौदा में एक-एक और गुजरात के हंसलपुर में एक विनिर्माण संयंत्र संचालित करती है। इन संयंत्रों की संयुक्त स्थापित वार्षिक क्षमता 24 लाख इकाई है।

अपनी क्षमता विस्तार रणनीति के तहत मार्च 2026 में एमएसआईएल ने गुजरात के साणंद स्थित खोराज इंडस्ट्रियल एस्टेट में अपने पांचवें विनिर्माण संयंत्र के लिए भूमि का चयन किया है। पूर्ण रूप से चालू होने पर, इस संयंत्र की वार्षिक उत्पादन क्षमता 10 लाख इकाई होगी।

एमएसआईएल वर्तमान में घरेलू और निर्यात बाजारों के लिए 650 से अधिक संस्करण के साथ 17 मॉडल का विनिर्माण करती है।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में