मैट्रिक्स जियो सॉल्यूशंस नर्मदा परिक्रमा सर्वेक्षण करेगी
मैट्रिक्स जियो सॉल्यूशंस नर्मदा परिक्रमा सर्वेक्षण करेगी
भोपाल, 14 अप्रैल (भाषा) प्रौद्योगिकी कंपनी मैट्रिक्स जियो सॉल्यूशंस ने मंगलवार को कहा कि उसे राज्य सरकार की परियोजनाओं के लिए ड्रोन, विमान और हेलिकॉप्टर का उपयोग करके नर्मदा परिक्रमा सर्वेक्षण करने के लिए मध्यप्रदेश सरकार से स्वीकृति पत्र मिला है।
कंपनी ने मंगलवार को यहां बयान में कहा, ‘‘राज्य सरकार की परियोजनाओं के लिए ड्रोन, विमान और हेलिकॉप्टर का उपयोग करके नर्मदा परिक्रमा सर्वेक्षण करने की स्वीकृति मिली है। इस ऑर्डर का मूल्य 5,14,16,000 रुपये है और इसे छह महीने की अवधि में पूरा किया जाना है।’’
इसके तहत, मैट्रिक्स जियो नर्मदा नदी गलियारे के लगभग 2,400 वर्ग किमी में हवाई डेटा अधिग्रहण करने के लिए ड्रोन, विमान, हेलिकॉप्टर और उन्नत लिडार प्रणाली तैनात करेगा।
मैट्रिक्स जियो को मध्यप्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एमपीएसईडीसी) से एलओए प्राप्त हुआ है।
नर्मदा भारत की प्रमुख नदियों में से एक है, जो मध्यप्रदेश के अमरकंटक से निकलती है और अरब सागर से मिलने से पहले मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात होते हुए लगभग 1,312 किलोमीटर की दूरी तय करती है।
नर्मदा परिक्रमा का बहुत ही सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व है और सालाना हजारों भक्त इसमें भाग लेते हैं। इस पहल के माध्यम से, मध्यप्रदेश सरकार का लक्ष्य तीर्थयात्रा के बुनियादी ढांचे में सुधार करना, पर्यटन का समर्थन करना और नदी गलियारे की पारिस्थितिकी और सांस्कृतिक संतुलन को बनाए रखना है।
मैट्रिक्स जियो सॉल्यूशंस लिमिटेड के पूर्णकालिक निदेशक अमित शर्मा ने कहा, ‘‘यह परियोजना आध्यात्मिकता, स्थिरता और प्रौद्योगिकी का एक अनूठा मिश्रण है। हम नर्मदा परिक्रमा के लिए भविष्य के लिए तैयार डिजिटल पारिस्थितिकी बनाने में एमपीएसईडीसी के साथ साझेदारी करके सम्मानित महसूस कर रहे हैं। हमारा लक्ष्य एक अत्यधिक सटीक और भू-स्थानिक नींव का निर्माण करना है जो तीर्थयात्रा और नीति दोनों का समर्थन करता है।’’
कंपनी ने कहा कि इस पहल से बेहतर मार्ग योजना, तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर पहुंच, पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय रोजगार पैदा करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र
अजय
अजय

Facebook


