मेटा से क्रेड जुटाएगी 8,550 करोड़ रुपये; कुणाल शाह सीईओ पद से हटेंगे, व्हाट्सएप की करेंगे अगुवाई

मेटा से क्रेड जुटाएगी 8,550 करोड़ रुपये; कुणाल शाह सीईओ पद से हटेंगे, व्हाट्सएप की करेंगे अगुवाई

मेटा से क्रेड जुटाएगी 8,550 करोड़ रुपये; कुणाल शाह सीईओ पद से हटेंगे, व्हाट्सएप की करेंगे अगुवाई
Modified Date: June 22, 2026 / 07:34 pm IST
Published Date: June 22, 2026 7:34 pm IST

नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) वित्तीय प्रौद्योगिकी मंच क्रेड ने सोमवार को कहा कि वह मेटा की अगुवाई में वित्त पोषण के जरिये 8,550 करोड़ रुपये जुटाएगी। इस बड़े सौदे के तहत, कंपनी के संस्थापक कुणाल शाह सीईओ का पद छोड़ देंगे और वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी मेटा के मैसेजिंग मंच व्हाट्सएप की कमान संभालेंगे।

बेंगलुरु की कंपनी ने एक बयान में कहा कि शाह मेटा की वैश्विक नेतृत्व वाली टीम में शामिल होंगे। इसके साथ ही क्रेड में अपनी व्यक्तिगत हिस्सेदारी बनाए रखेंगे।

शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘क्रेड टीम, मैं आपसे 10 गुना बेहतर संस्करण बनने की उम्मीद रखूंगा। जहां तक ​​मेरी बात है, मैं व्हाट्सएप को वैश्विक स्तर पर अगुवाई करने के लिए मेटा से जुड़ूंगा। हालांकि, यह काफी आगे आ चुका है, लेकिन आज के व्हाट्सएप और इसकी पूरी क्षमता के बीच बहुत बड़ा अंतर है।’’

मेटा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मार्क जुकरबर्ग ने फेसबुक पर लिखा, ‘‘कुणाल शाह व्हाट्सएप की अगुवाई के तौर पर मेटा से जुड़ेंगे। कुणाल ने क्रेड को भारत की सबसे अहम प्रौद्योगिकी कंपनियों में से एक बनाया है। उनमें ऐसी सोच और वैश्विक नजरिया है जो दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग ऐप को चलाने में उनके काम आएगा। मैं कुणाल के साथ काम करने के लिए उत्साहित हूं ताकि व्हाट्सएप को अरबों लोगों और लाखों कंपनियों के लिए सबसे अच्छी सेवा बनाया जा सके।’’

नेतृत्व में बदलाव के बाद, मितेन संपत को तत्काल प्रभाव से अंतरिम सीईओ नियुक्त किया गया है। वह 2020 से कंपनी के लिए रणनीति और वित्त का काम संभाल रहे थे।

कंपनी ने कहा, ‘‘क्रेड अपने तेजी से आगे बढ़ने की योजना के तहत मेटा की अगुवाई में ‘सीरीज एच’ दौर में 8,550 करोड़ रुपये (90 करोड़ डॉलर) जुटाएगी। यह कोष प्राथमिक और द्वितीयक शेयर खरीद के जरिये जुटाया जाएगा।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में