सपाट शुरुआत के बाद बाजार में हल्की बढ़त, एशियाई बाजारों की कमजोरी का असर

Ads

सपाट शुरुआत के बाद बाजार में हल्की बढ़त, एशियाई बाजारों की कमजोरी का असर

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 10:20 AM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 10:20 AM IST

मुंबई, 23 जून (भाषा) सेंसेक्स और निफ्टी ने मंगलवार को शुरुआती कारोबार में सपाट रुख के साथ कारोबार किया। हालिया तेजी के बाद निवेशक सतर्क रुख अपनाए हुए हैं।

एशियाई बाजारों में कमजोर रुझान और विदेशी निवेशकों की ताजा निकासी के कारण शुरुआती कारोबार में शेयर बाजारों में सुस्ती देखी गई।

बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 57.43 अंक टूटकर 77,061.94 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 31.6 अंक की गिरावट के साथ 24,071.30 अंक पर पहुंच गया। हालांकि, बाद में दोनों प्रमुख सूचकांक मामूली बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे।

बीएसई सेंसेक्स 29.75 अंक चढ़कर 77,123.82 अंक पर और निफ्टी 20.80 अंक की बढ़त के साथ 24,123.65 अंक पर पहुंच गया।

पिछले सप्ताह पांच में से चार कारोबारी सत्रों में बाजार में तेजी रही है और पिछले सत्र में भी सूचकांक ने बढ़त दर्ज की थी।

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, टाटा स्टील और हिंदुस्तान यूनिलीवर सबसे अधिक गिरावट में रहे। वहीं सन फार्मा, ट्रेंट, आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक और एनटीपीसी के शेयर बढ़त में रहे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। कॉस्पी में करीब छह प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77.53 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) सोमवार को शुद्ध बिकवाल रहे थे और उन्होंने 635.91 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

भाषा निहारिका

निहारिका