मिल्की मिस्ट डेयरी फूड अगस्त में ला सकती है आईपीओ

मिल्की मिस्ट डेयरी फूड अगस्त में ला सकती है आईपीओ

मिल्की मिस्ट डेयरी फूड  अगस्त में ला सकती है आईपीओ
Modified Date: July 23, 2026 / 05:02 pm IST
Published Date: July 23, 2026 5:02 pm IST

नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) डेयरी उत्पाद बनाने वाली कंपनी मिल्की मिस्ट डेयरी फूड लिमिटेड का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) अगस्त के पहले सप्ताह में आने की संभावना है। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

प्रस्तावित निर्गम भारतीय डेयरी कंपनियों में अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ हो सकता है। इस क्षेत्र में सूचीबद्ध कंपनियों में पराग मिल्क फूड्स लिमिटेड, हात्सुन एग्रो प्रोडक्ट लिमिटेड और डोडला डेयरी लिमिटेड शामिल हैं।

कंपनी का यह सार्वजनिक निर्गम ऐसे समय आ रहा है जब उसने इस वर्ष मई में आईपीओ से पहले वित्तपोषण चरण में 482 करोड़ रुपये जुटाए थे। यह निवेश जोंगसोंग इन्वेस्टमेंट्स पीटीई लिमिटेड से प्राप्त हुआ था।

जोंगसोंग इन्वेस्टमेंट्स पीटीई लिमिटेड, टेमासेक होल्डिंग्स की अप्रत्यक्ष पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई है।

आईपीओ से पहले निवेश मूल्य 139.76 रुपये प्रति शेयर के आधार पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 9,300 करोड़ रुपये आंका गया है।

सूत्रों ने बताया कि कंपनी अब अपने आईपीओ के जरिये 1,553 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। इसमें नए शेयर जारी करने के साथ-साथ प्रवर्तकों द्वारा बिक्री पेशकश (ओएफएस) भी शामिल होगी।

दस्तावेजों के मसौदे के अनुसार, इससे पहले कंपनी ने सार्वजनिक पेशकश के जरिये 2,035 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बनाई थी।

नए निर्गम से प्राप्त राशि का उपयोग कर्ज चुकाने और तमिलनाडु के पेरुंदुरई स्थित विनिर्माण संयंत्र के विस्तार एवं आधुनिकीकरण में किया जाएगा।

तमिलनाडु के इरोड स्थापित मिल्की मिस्ट देश के प्रमुख प्रीमियम डेयरी ब्रांड में शामिल है, जो मुख्य रूप से मूल्य-वर्धित डेयरी उत्पादों पर केंद्रित है।

भाषा यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में