मिजोरम ने 2011-12 से 2024-25 तक 9.4 प्रतिशत औसत आर्थिक वृद्धि दर्ज की: समीक्षा
मिजोरम ने 2011-12 से 2024-25 तक 9.4 प्रतिशत औसत आर्थिक वृद्धि दर्ज की: समीक्षा
आइजोल, नौ मार्च (भाषा) मिजोरम ने 2011-12 और 2024-25 के बीच 13 साल की अवधि में सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) में 9.36 प्रतिशत की औसत वार्षिक वृद्धि दर दर्ज की। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए विधानसभा में सोमवार को पेश आर्थिक समीक्षा में यह जानकारी दी गई।
मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा द्वारा पेश समीक्षा में कहा गया कि सेवा क्षेत्र (जैसे व्यापार, होटल, रेस्तरां और अन्य सेवाएं) 2024-25 में राज्य की अर्थव्यवस्था को सबसे अधिक योगदान दे रहा है, जो कुल मूल्य में 50.37 प्रतिशत रहा।
यह वित्त वर्ष 2023-24 में 46.87 प्रतिशत था।
दूसरे नंबर पर उद्योग और विनिर्माण क्षेत्र हैं, जिसमें बिजली, गैस, पानी की आपूर्ति और निर्माण प्रमुख भूमिका निभा रहे हैं। इस क्षेत्र का योगदान कुल मूल्य में 32.91 प्रतिशत रहा।
कृषि और उससे जुड़े गतिविधियों वाला प्राथमिक क्षेत्र 2024-25 में 16.72 प्रतिशत योगदान के साथ तीसरे स्थान पर रहा, जो पिछले वर्ष के 20.45 प्रतिशत से कम है।
आर्थिक समीक्षा में बताया गया कि मिजोरम की मौजूदा कीमतों पर सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) वित्त वर्ष 2024-25 सालाना 9.36 प्रतिशत की दर से बढ़कर 23,22,292 लाख रुपये हो गया जो वित्त वर्ष 2011-12 में 7,25,869 लाख रुपये था।
समीक्षा के अनुसार राज्य की प्रति व्यक्ति आय वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़कर 2,51,593 रुपये हो गई, जो वित्त वर्ष 2011-12 में 57,654 रुपये थी।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


